ETV Bharat / state

बाड़मेर: परीक्षा देने गए छात्र का दिनदहाड़े अपहरण, बदमाशों ने स्कूल से उठाकर की बेरहमी से पिटाई

बाड़मेर जिले में 12वीं की बोर्ड परीक्षा देने पहुंचे छात्र का परीक्षा केंद्र से अपहरण कर मारपीट का वीडियो वायरल. पुलिस जांच में जुटी.

Student kidnapping and assault
स्कूल से छात्र को उठाकर ले जाते बदमाश (Photo- Social Media)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 23, 2026 at 5:54 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

बाड़मेर: जिले के बीजराड़ थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जैसार में कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा देने पहुंचे एक छात्र के साथ अपहरण और मारपीट की मामला समाने आया है. चार बदमाशों आए और स्कूल से छात्र को हाथ-पैर पकड़कर उठाया और गाड़ी में डालकर ले गए. स्कूल से करीब 8-9 किलोमीटर दूर सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की. घायल अवस्था में छात्र को सड़क किनारे फेंककर बदमाश फरार हो गए.

स्कूल प्रशासन की प्रतिक्रिया: परीक्षा केंद्राधीक्षक भंवरलाल मायला ने बताया कि वह एक स्टाफ के साथ थाने से पेपर लेने गए थे. स्कूल में एक महिला समेत दो स्टाफ मौजूद थे. उन्होंने बताया कि चार बदमाश गाड़ी से आए और छात्र को उठाकर ले जाने लगे. इस दौरान स्टाफ ने बदमाशों को रोकने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुए. मायला ने कहा कि वे लौटे तो बदमाश छात्र को गाड़ी में डालकर ले जा चुके थे. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.

इसे भी पढ़ें- हथियार की नोक पर अपहरण व मारपीट मामले में 5 आरोपी गिरफ्तार

जांच में जुटी पुलिस: घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे बीजराड़ थानाधिकारी विशनसिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि चार बदमाशों ने छात्र को स्कूल से अपहरण किया और मारपीट कर घायल कर दिया. पीड़ित छात्र का अस्पताल में इलाज चल रहा है. उन्होंने बताया कि पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और बदमाशों की तलाश की जा रही है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें छात्र बचाने की गुहार लगाते नजर आ रहा है. स्कूल स्टाफ ने बचाने की कोशिश की, लेकिन रोक नहीं सके.

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल: घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर पर वायरल होने के बाद कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं. राजस्थान विश्वविद्यालय छात्र संघ के अध्यक्ष निर्मल चौधरी ने ट्वीट कर सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, "जब शासन सो जाता है, तब अपराधी खुलकर मुस्कुराता है." चौधरी ने बोर्ड परीक्षा देने पहुंचे छात्र के अपहरण पर सवाल उठाते हुए कहा कि परीक्षा केंद्र भी अब सुरक्षित नहीं रहे. उन्होंने सरकार से अपराधियों पर ठोस कार्रवाई की मांग की और कहा कि बच्चों को भविष्य की बजाय जिंदगी की जंग लड़नी पड़ रही है.

इसे भी पढ़ें- धौलपुर में अपहरण और मारपीट के मामले में फरार आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे