ईरान-अमेरिका युद्ध का असर: जयपुर एयरपोर्ट से दुबई, शारजाह और अबूधाबी की फ्लाइट्स कैंसिल
यात्रियों को सलाह दी जा रही है कि जयपुर एयरपोर्ट पर जाने से पहले संबंधित एयरलाइंस से फ्लाइट की स्थिति की जांच कर लें.

Published : March 1, 2026 at 8:58 PM IST
जयपुर: ईरान-अमेरिका युद्ध के कारण जयपुर हवाई अड्डे पर विमानों का संचालन भी प्रभावित हुआ. जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दुबई, शारजाह और अबूधाबी की फ्लाइट्स कैंसिल कर दी गई. फ्लाइट्स कैंसिल होने से यात्रियों को परेशानी हुई. हालांकि एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए अतिरिक्त व्यवस्थाएं की गई है. इधर, जयपुर एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की.
जयपुर एयरपोर्ट प्रबंधन के मुताबिक, तनाव के चलते अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्र प्रभावित हो रहा है. जयपुर एयरपोर्ट पर कुछ अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स रद्द की गई है. कुछ फ्लाइट्स का मार्ग परिवर्तित किया गया है. कई फ्लाइट्स के संचालन समय में देरी हो रही है. यात्रियों को सलाह दी जा रही है कि जयपुर एयरपोर्ट पर जाने से पहले संबंधित एयरलाइंस से फ्लाइट की स्थिति की जांच कर लें. उसी के अनुसार यात्रा की योजना बनाएं. बिना स्पष्ट जानकारी के जयपुर एयरपोर्ट आने से बचें. अंतरराष्ट्रीय एयर स्पेस क्लोजर के चलते फ्लाइट्स संचालन समय में देरी, कैंसिलेशन और रूट परिवर्तन जैसी स्थिति बन सकती है. यात्रियों को एक्स्ट्रा समय और वैकल्पिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यात्रा करने की सलाह दी गई है.जयपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए हेल्प डेस्क स्थापित की है. एयरलाइंस स्टाफ को भी हेल्प डेस्क पर तैनात किया है.
ये उड़ानें प्रभावित: जयपुर एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, एतिहाद एयरवेज की अबूधाबी जाने वाली फ्लाइट EY- 327, एयर अरेबिया की शारजाह जाने वाली फ्लाइट G 9436, एयर इंडिया एक्सप्रेस की दुबई जाने वाली फ्लाइट IX- 195, और स्पाइसजेट की दुबई जाने वाली फ्लाइट SG- 57 रद्द कर दी गई है. सबसे ज्यादा असर दुबई और शारजाह रूट पर संचालित फ्लाइट्स पर दिखा. स्थिति सामान्य होने तक फ्लाइट्स के संचालन में बदलाव और कैंसिलेशन की आशंका बनी है.
पढ़ें: ईरान-अमेरिकी युद्ध: शिया महासभा का खामेनेई की मौत पर तीन दिन का शोक, जयपुर में पैदल मार्च

