मध्य प्रदेश में बारिश का अलर्ट, बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर एक्टिव, जमकर भीगेगा सिंगरौली-बालाघाट
मध्य प्रदेश में फिर बारिश की संभावना, बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर के एक्टिव होने का राज्य में असर, तापमान में आएगी गिरावट

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 23, 2026 at 1:31 PM IST
|Updated : February 23, 2026 at 1:51 PM IST
भोपाल: मध्य प्रदेश में मौसम रोजाना अपना रंग बदल रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में प्रदेश में एक बार फिर बारिश का दौर देखने को मिल सकता है. आज सोमवार को मध्य प्रदेश के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. असल में बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर एक्टिव है, साथ ही एक ट्रफ लाइन भी गुजर रही है. जिसका असर मध्य प्रदेश में हो रहा है. पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, मंडला, डिंडौरी और बालाघाट में बारिश की संभावना है.
फिर भीगेगा मध्य प्रदेश
देश के कई राज्यों में गर्मी ने दस्तक दे दी है. लेकिन मध्य प्रदेश में अभी भी ठंड बरकरार है. कुछ दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है. मौसम विभाग ने एक बार फिर मध्य प्रदेश में बारिश का अनुमान जताया है. सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, मंडला, डिंडौरी और बालाघाट में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना है. मौसम को बदलते देखते हुए मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को हल्की ठंड के लिए तैयार रहने और यात्रा करते समय एहतियात बरतने की सलाह दी है.

दिन में तेज धूप, रात में ठंड
मध्य प्रदेश का मौत आंख मिचौली का खेल खेल रहा है. जहां दिन में तेज धूप लोगों को झुलसा रही है. वहीं शाम होते ही मौसम में ठंडक हो जाती है. राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान लगभग 30°C और न्यूनतम तापमान 17°C जा रहा है. खरगोन में पारा 34.3 सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे दिन में तेज धूप और गर्मी का अहसास होने लगा है. दिन धूप इतना चुभती है की लोगों ने निकलना भी कम कर दिया है. कई लोग मुंह कवर करके बाहर निकल रहे हैं.
मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा ने बताया कि, ''पूर्वी मध्य प्रदेश और प्रदेश के उत्तर पूर्वी, दक्षिण पूर्वी और दक्षिण पश्चिमी जिलों में आइसोलेटेड रेनफाल की चेतावनी जारी की गई है. साथ ही मंडला, डिंडौरी, बालाघाट, सिवनी और अनुपपुर जिलों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी.''
आने वाले 24 घंटों में श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निमाड़ी, छतरपुर, पन्ना, सीधी, रीवा, सिंगरौली, सतना, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी और आसपास के जिलों में तेज हवाओं के साथ गरज चमक की संभावना जताई गई है. अरुण शर्मा ने बताया कि, ''मंगलवार को भी सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनुपपुर में गरज-चमक की चेतावनी जारी की गई है. हालांकि बुधवार से मौसम साफ रहेगा.''

- मोहन यादव देंगे 25 जिलों के लाखों किसानों को मुआवजा, फसल हुईं तबाह तो जागे कलेक्टर
- मावठे की बारिश से आई आफत, फसल हुई खराब तो 72 घंटे में दर्ज कराएं शिकायत, मिलेगा बीमा का पूरा लाभ
- आसमान से कहर बनकर बरस रहा मावठा, चौपट हो गई खेतों में खड़ी फसल, क्या करें किसान
बारिश से फसलों को हुआ नुकसान
मध्य प्रदेश में बेमौसम बारिश किसानों के लिए आफत बनकर आई है. फरवरी के दूसरे व तीसरे हफ्ते में तेज हवाओं के साथ बारिश व ओलावृष्टि से कई जिलों में फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है. मालवा निमाड़ व ग्वालियर संभाग के जिलों में ज्यादा नुकसान हुआ है. पश्चिम मध्य प्रदेश के रतलाम, मंदसौर, नीमच, उज्जैन और इंदौर सहित धार जिले में मावठे की बारिश से रबी की फसलों को बर्बाद कर दिया. कई जिलों में फसलें खेतों में आड़ी हो गईं. गेहूं और सरसों की फसलों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है.

