छत्तीसगढ़ में 48 घंटे तक मानसून की एक्टिविटी रहेगी तेज, तीन दिनों के लिए भारी बारिश का आरेंज और येलो अलर्ट
द्रोणिका और वेलमार्ट लो प्रेशर एरिया की वजह से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, हालांकि अभी भी सामान्य से 4 फीसदी कम बारिश

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : August 24, 2026 at 1:34 PM IST
रायपुर: प्रदेश में एक हफ्ते से मानसून की एक्टिविटी तेज है. कहीं पर हल्की से मध्यम बारिश तो कहीं पर मध्यम से भारी बारिश भी दर्ज की गई है. मौसम विभाग के मुताबिक एक वेलमार्ट लो प्रेशर एरिया के साथ ही एक द्रोणिका भी बनी हुई है. जिसके प्रभाव से मौसम अगले 48 घंटे तक मानसून के एक्टिव रहने की संभावना है. इसके साथ ही अगले 3 दिनों के लिए 1-2 स्थानों पर भारी बारिश को लेकर येलो और ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है.
अभी भी सामान्य से 4 फीसदी कम बारिश
रायपुर समेत कई इलाकों में भारी बारिश के बाद भी 1 जून से लेकर अब तक प्रदेश में सामान्य से 4% बारिश कम दर्ज की गई है. वहीं 1 जून से अब तक सामान्य से सबसे अधिक बारिश सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 54% बारिश अधिक दर्ज की गई है.

1 जून से अब तक बारिश का हाल
- सामान्य बारिश वाले जिले- बालोद, बस्तर, बीजापुर, बिलासपुर, दंतेवाडा, धमतरी, दुर्ग, गरियाबंद, गौरेला पेंड्रा मरवाही, जांजगीर
- सामान्य से अधिक बारिश वाले जिले- बलौदाबाजार, बलरामपुर, महासमुंद, मुंगेली, नारायणपुर, सारंगढ़, भिलाईगढ़ जिले शामिल है.
- सामान्य से कम बारिश वाले जिले- बेमेतरा, जशपुर, कांकेर और सरगुजा जिला
आज की स्थिति में वेलमार्ट लो प्रेशर एरिया गंगेटिक वेस्ट बंगाल और इससे लगे हुए उत्तर ओडिशा के ऊपर स्थित है. 24 घंटे में यह झारखंड, उत्तर ओडिशा की ओर बढ़ने की संभावना है. इसके साथ ही एक द्रोणिका जो है वेलमार्ट लो प्रेशर एरिया से होते हुए उत्तर छत्तीसगढ़ पूर्वी उत्तर प्रदेश से लेकर उत्तर पश्चिम तक विस्तारित है. एक शीयर जोन भी है जो 22 डिग्री नॉर्थ में मध्य स्तर तक स्थित है.- गायत्रीवाणी कांचीभोटला, मौसम वैज्ञानिक

अधिकतम तापमान में आई गिरावट
पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान बढ़ा था लेकिन रविवार दोपहर से जो मानसून की एक्टिविटी शुरू हुई है उसकी वजह से अधिकतम तापमान में गिरावट आई है. सोमवार को अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है. लेकिन आने वाले तीन-चार दिनों तक कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है.
बुधवार से उत्तर छत्तीसगढ़ में एक दो स्थानों पर मध्यम से लेकर भारी वर्षा होने की संभावना है. जिसके लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

