नागौर में नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार: खींवसर में हिस्ट्रीशीटर का अवैध मकान ध्वस्त
राजस्व विभाग की अब तक जांच में स्पष्ट हुआ कि आरोपी ने गैर-मुमकिन गौचर भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण कराया था.

Published : February 23, 2026 at 4:39 PM IST
नागौर: नशा तस्करों की अवैध कमाई पर पुलिस का बुलडोजर चला. खींवसर के पांचला सिद्धा गांव में हिस्ट्रीशीटर भोपालराम बिश्नोई का सरकारी जमीन पर बना मकान प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया. आरोपी पर एनडीपीएस एक्ट समेत 14 गंभीर मामले दर्ज हैं. इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस जाप्ता मौजूद रहा.
खींवसर थानाधिकारी रामनारायण भंवरिया ने बताया कि आरोपी भोपालराम बिश्नोई थाने का सूचीबद्ध हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, हत्या और हत्या के प्रयास सहित कुल 14 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने मादक पदार्थों की तस्करी से अवैध संपत्ति अर्जित की. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जब उसकी अचल संपत्तियों का रिकॉर्ड खंगाला गया, तो पाया गया कि उसका मकान सरकारी जमीन पर अवैध रूप से निर्मित है.
पढ़ें: लहसुन की खेत में लहलहा रहा थी अफीम, आरोपी गिरफ्तार, एनडीपीएस में मामला दर्ज
मामले में पुलिस ने राजस्व विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर कानूनी प्रक्रिया शुरू की. खींवसर तहसीलदार सुरेश कुमार के अनुसार फरवरी के प्रथम सप्ताह में पुलिस से जांच संबंधी पत्र प्राप्त हुआ था. इसके बाद हल्का पटवारी और राजस्व निरीक्षक (आरआई) की संयुक्त टीम ने पांचला सिद्धा में मौके पर पहुंचकर सीमांकन किया. जांच में स्पष्ट हुआ कि आरोपी ने गैर-मुमकिन गौचर भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण कराया था.
धारा 91 सहित अन्य प्रावधानों के तहत कार्रवाई पूरी कर 19 तारीख को बेदखली आदेश जारी किए गए. सोमवार सुबह प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.

