अवैध गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़, 235 से अधिक गैस सिलेंडर जब्त
अवैध गैस रिफिलिंग की सूचना पर रसद विभाग की टीम मौके पर पहुंची और 235 गैस सिलेंडर सहित उपकरण जब्त किए.


Published : November 14, 2025 at 7:50 PM IST
जयपुर: जिला रसद अधिकारी प्रथम की टीम ने शुक्रवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया. टीम ने मानसरोवर क्षेत्र में अवैध गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़ किया. टीम ने 235 से अधिक गैस सिलेंडर भी जब्त कर कुछ उपकरण भी जब्त किए.
जिला कलेक्टर डॉ जितेंद्र कुमार सोनी के निर्देशन में जिला रसद अधिकारी जयपुर प्रथम प्रियव्रत सिंह चारण की अगुवाई में मानसरोवर क्षेत्र में अवैध गैस रिफिलिंग के बड़े मामले का खुलासा किया गया. गोपनीय सूचना प्राप्त होते ही जिला रसद अधिकारी केसर चौराहे के पास मौके पर पहुंचे. प्रवर्तन जांच दल और मुहाना पुलिस टीम को बुलाकर संयुक्त कार्रवाई. कार्रवाई के दौरान एक पुराने घर और उसके आगे खुले क्षेत्र में 235 से अधिक घरेलू एवं कॉमर्शियल गैस सिलेंडर, अवैध रिफिलिंग में प्रयुक्त इलेक्ट्रिक मोटर, इलेक्ट्रॉनिक कांटा तथा अन्य उपकरण बरामद किए गए. इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडर और रिफिलिंग उपकरण मिलने से क्षेत्र में किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका व्यक्त की गई.
पढ़ें: आग की घटनाएं रोकने की कवायद, अवैध रिफिल सेंटर्स पर पुलिस की सख्ती, 200 से ज्यादा सिलेंडर जब्त
जांच के बाद घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण, दुरुपयोग एवं गैरकानूनी बिक्री पाए जाने पर दोषियों के विरुद्ध द्रवित पेट्रोलियम गैस (रेग्यूलेशन ऑफ सप्लाई एंड डिस्ट्रीब्यूशन) आदेश, 2000 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज करवाने के निर्देश दिए गए. जिला रसद विभाग ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

