ETV Bharat / state

चतरा में कोडीन कफ सिरप बरामद, तस्करों ने सुनसान घर में रखे थे 42 पेटी

चतरा में 42 पेटी कोडीन कफ सिरप बरामद किया गया है.

Illegal cough syrup recovered from abandoned house in Chatra
पुलिस की कार्रवाई में बरामद कफ सिरप (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : December 28, 2025 at 8:49 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

चतराः जिला के सिमरिया थाना क्षेत्र में कोडीन युक्त कफ सिरप की बड़ी खेप बरामद होने से पुलिस और प्रशासन में हलचल मच गई है. कटिया तुमा पत्रा गांव के एक सुनसान घर से 42 पेटी कोडीन सिरप जब्त किया गया, जिसे तस्करों ने छिपाकर रखा था.

यह कार्रवाई अंचलाधिकारी गौरव कुमार राय के नेतृत्व में की गई. जिसके बाद मामले को सिमरिया पुलिस को सौंप दिया गया. गौरव कुमार राय ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि गांव के सड़क किनारे स्थित पुराने खपरैल घर में हितामन गंझू (पिता स्व. जगदेव गंझू) के घर में कोडीन सिरप की बड़ी खेप छिपाई गई है.

इस सूचना के सत्यापन के लिए वे खुद टीम के साथ मौके पर पहुंचे, घर पर बड़ा ताला लगा हुआ था. घर के परिजनों की मदद से ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया तो वहां 42 पेटी कोडीन कफ सिरप मिला. प्रत्येक बोतल पर 200 रुपये का मूल्य अंकित था. बरामद सिरप को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए सिमरिया थाना पुलिस को सौंप दिया गया.

मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सनोज चौधरी ने सिरप को कब्जे में लेते हुए कहा कि कोडीन कफ सिरप इतनी बड़ी खेप का क्षेत्र में होना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी. उन्होंने बताया कि तस्करों द्वारा युवाओं को नशे की लत में धकेलकर मौत के मुंह में पहुंचाया जा रहा था. अब तस्करों की पहचान कर ली गई है और शीघ्र ही नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी की जाएगी, सभी को जेल भेजा जाएगा.

यह तस्करी सिमरिया क्षेत्र में लंबे समय से चल रही थी लेकिन इस भंडाफोड़ के बाद तस्करों में अफरा-तफरी मच गई है, कई तस्कर फरार बताए जा रहे हैं. इस क्षेत्र में नशे की लत युवाओं में तेजी से बढ़ रही है. गांजा, अफीम, ब्राउन शुगर के साथ-साथ अवैध कोडीन कफ सिरप का धड़ल्ले से सेवन हो रहा है. तस्कर इन नशीले पदार्थों की बिक्री से मालामाल हो रहे हैं, जबकि युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है.

इस कार्रवाई में एसआई चंद्रमोली कुमार, राजू कुमार और सिमरिया थाने की सशस्त्र पुलिस बल मौजूद रही. पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी पर लगाम लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा और अन्य ठिकानों पर भी छापेमारी की जाएगी. यह बरामदगी क्षेत्र में नशे के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है, जिससे तस्करों के हौसले पस्त हुए हैं.

इसे भी पढ़ें- रांची के तुपुदाना में सैली ट्रेडर्स पर एसआईटी का छापा, दस्तावेज, ब्लैंक चेक और हथियार बरामद

इसे भी पढ़ें- कोडीन कफ सिरप मामले में ईडी की ताबड़तोड़ छापेमारी, रांची के तुपुदाना में भी रेड

इसे भी पढ़ें- यूपी क्राइम ब्रांच की सूचना पर रांची में एक्शन, एक ट्रक कफ सिरप बरामद