कानुपर में 4.5 करोड़ की जमीन पर बने अवैध निर्माण सील, KDA जारी करेगा नोटिस
न्यू कानपुर सिटी में बन रहे एक भवन को भी किया सील

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 9, 2026 at 7:27 PM IST
कानपुर: बिना नक्शा पास कराये शहर के सभी जोन में अवैध निर्माण कराने की शिकायत लगातार कानपुर विकास प्राधिकरण को मिल रही हैं. इसका संज्ञान लेते हुए केडीए के ओएसडी जोन एक- बी (प्रवर्तन) डॉ. रवि प्रताप सिंह ने शहर में नौ हजार वर्गमीटर भूमि पर बने अवैध निर्माणों को सील करा दिया. इतनी भूमि कि कीमत करीब साढ़े चार करोड़ रुपये है.
अब भवन मालिकों को सील भवन का नक्शा पास कराना होगा और अन्य मानक भी पूरे करने होंगे. उन्होंने कहा कि केडीए की ओर से न्यू कानपुर सिटी में बन रहे एक भवन को भी सील किया. जिसकी कीमत एक करोड़ रुपये के आसपास है.
केडीए के ओएसडी डॉ. रवि प्रताप सिंह ने बताया कि शुक्रवार को गंगा बैराज के आसपास नो डेवलपमेंट जोन का निरीक्षण किया तो वो हैरान रह गए. यहां कई लोगों ने अपने मकान बना रखे हैं. केडीए ओएसडी डॉ. रवि प्रताप सिंह ने कहा, अब केडीए की ओर से नो डेवलपमेट जोन का सर्वे कराया जाएगा. सर्वे में जिन भवनों ने मानक पूरे नहीं किए होंगे, उन सभी भवन मालिकों के खिलाफ कार्रवाई होगी.
सभी को अब नोटिसें भी जारी होंगी. केडीए के ओएसडी ने कहा कुछ दिनों पहले ही 30 से अधिक ऐसे भवन मालिक को नोटिस दी गई है. जिनके घर 24 मित्र रोड पर अवैध रूप से बने थे. जल्द ही वो सभी भवन सील होंगे.

