ETV Bharat / state

अवैध ईंट भट्टे में दर्दनाक हादसा, चिरमिरी में 6 साल के बच्चे की डूबने से मौत

चिरमिरी के बड़ा बाजार इलाके में 6 साल के बच्चे की डूबने से मौत हो गई. अवैध ईंट भट्टों के पास भरा था पानी

illegal brick kiln accident
चिरमिरी के बड़ा बाजार इलाके में 6 साल के बच्चे की डूबने से मौत हो गई (ETV BHARAT CHHATTISGARH)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : February 20, 2026 at 7:58 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर: जिले के चिरमिरी में दर्दनाक हादसा सामने आया है. राजस्व और SECL की जमीन पर चल रहे अवैध ईंट भट्टों के पास पानी से भरे गड्ढे में डूबने से 6 साल के एक मासूम बच्चे की मौत हो गई. मामला बड़ा बाजार इलाके का है.

लंबे समय से चल रहे हैं अवैध ईंट भट्टे

स्थानीय लोगों के अनुसार, बड़ा बाजार से सटी जमीन पर दर्जनों ईंट भट्टे लंबे समय से अवैध रूप से संचालित हो रहे हैं. आरोप है कि राजस्व विभाग, खनिज विभाग और स्थानीय प्रशासन को जानकारी होने के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है.

अवैध ईंट भट्टों के पास भरा था पानी, बच्चे की डूबने से मौत (ETV BHARAT CHHATTISGARH)

मजदूरों के साथ रह रहे छोटे-छोटे बच्चे

इन भट्टों में मध्यप्रदेश के कोतमा क्षेत्र से मजदूर काम करने आते हैं. मजदूर अपने परिवार और छोटे बच्चों के साथ वहीं रहते हैं. यहां ना रहने की उचित व्यवस्था है ना ही बच्चों के लिए स्कूल या आंगनबाड़ी की सुविधा है. बिना सुरक्षा इंतजाम के बच्चे दिनभर खुले गड्ढों और पानी से भरे खतरनाक स्थानों के पास खेलते रहते हैं.

कैसे हुआ हादसा?

बताया जा रहा है कि जिस जगह हादसा हुआ, वहां पानी भरा हुआ था और आसपास कोई सुरक्षा घेरा या चेतावनी नहीं थी. खेलते समय बच्चा पानी में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में शोक और गुस्से का माहौल है.

illegal brick kiln accident
चिरमिरी में 6 साल के बच्चे की डूबने से मौत (ETV BHARAT CHHATTISGARH)

मां का दर्द

मृतक बच्चे की मां ने रोते हुए कहा कि वे मजदूरी करने आए थे और उन्हें अंदाजा नहीं था कि ऐसा हादसा हो जाएगा. उन्होंने आरोप लगाया कि अगर गड्ढे को ढंका गया होता या सुरक्षा व्यवस्था होती तो उनका बच्चा आज जिंदा होता.

पुलिस क्या कह रही है

चिरमिरी थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

मामले की जांच की जा रही है. लापरवाही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.- विजय सिंह, थाना प्रभारी

यह हादसा प्रशासनिक लापरवाही और अवैध कारोबार पर सवाल खड़े करता है. अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इन अवैध ईंट भट्टों पर सख्त कार्रवाई करता है या नहीं.

सिगरेट पीने से मना किया तो पेट्रोल पंप में लगाई आग, मच गई अफरा तफरी
कोलाब नदी में डूबे CISF एसआई की मौत, 40 घंटे के बाद किया गया रेस्क्यू, पिकनिक मनाने के दौरान हुआ हादसा
गहरी खाई में गिरा ट्रैक्टर, चालक की मौके पर मौत, 4 नाबालिग घायल, एक की हालत गंभीर