मेरठ में अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़: अधबनी पिस्टल और कारतूस बरामद, पिता-पुत्र गिरफ्तार
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि मौके से भारी मात्रा में उपकरण और अधबने अवैध शस्त्र मिले हैं.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 25, 2026 at 7:05 PM IST
मेरठ : मेरठ पुलिस ने बुधवार को इस्लामाबाद क्षेत्र के गोला कुआं इलाके में एक अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि थाना लिसाड़ी गेट पुलिस के द्वारा मंगलवार शाम को विकासपुरी के पास चेकिंग की जा रही थी. चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति आता हुआ दिखाई दिया.
उन्होंने बताया कि पुलिस ने जब रोककर चेकिंग की तो उसके पास से एक पिस्टल, करीब डेढ़ लाख रुपये बरामद हुए. पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम समी सैफी बताया.
उन्होंने बताया कि यह एक साथ किस्म का अपराधी है. इस पर 9 से अधिक मुकदमे पंजीकृत हैं. पूर्व में भी आरोपी शस्त्र फैक्ट्री के मामले में जेल जा चुका है. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने घर में पिता के साथ शस्त्र बनाता है. आज सप्लाई करने के लिए जा रहा था.
थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के आदेश पर जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने इस्लामाबाद में छापेमारी की.
मौके से भारी मात्रा में उपकरण और अधबने अवैध शस्त्र मिले हैं. आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. जल्द ही इस गिरोह के अन्य सदस्यों को भी सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि गोला कुआं क्षेत्र में बड़े पैमाने पर हथियारों का निर्माण कर उन्हें आसपास के जिलों में सप्लाई किया जा रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर छापेमारी की.
उन्होंने बताया कि पुलिस ने मौके से मो. सम्मी सैफी उर्फ समीर सैफी (उर्फ मेंढक) और यूसुफ सैफी को पकड़ा है. पूछताछ में खुलासा हुआ है कि ये आरोपी एक संगठित गिरोह चला रहे थे.
उन्होंने बताया कि ये लोग न केवल मेरठ बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों में भी अवैध हथियारों की खेप भेजते थे. बरामद की गई 1.5 लाख की रकम इसी काले कारोबार का हिस्सा बताई जा रही है.
पुलिस ने मौके से डेढ़ लाख रुपये, दो अवैध पिस्टल और दर्जन भर से ज्यादा अधबने तमंचे, ड्रिल मशीन, ग्राइंडर, आरी, हथौड़ी, मैगजीन, बैरल पाइप, फायरिंग पिन और स्प्रिंग, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन मौके से बरामद किए हैं.

