ETV Bharat / state

युवा संगम के जरिए जुड़ेंगे दो राज्यों के युवा, आईआईटी आईएसएम से इंदौर के लिए रवाना हुए छात्र

युवा संगम फेज-VI कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आईआईटी आईएसएम धनबाद के छात्र इंदौर के लिए रवाना हुए.

IIT ISM Dhanbad
आईआईटी आईएसएम के छात्र (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : May 25, 2026 at 4:08 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

धनबाद: भारत सरकार की “एक भारत श्रेष्ठ भारत” पहल के अंतर्गत आयोजित युवा संगम फेज-VI कार्यक्रम के तहत सोमवार को आईआईटी (आईएसएम) धनबाद से झारखंड के प्रतिभागियों का दल आईआईटी इंदौर के लिए रवाना हुआ. इस अवसर पर संस्थान परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला.

आईआईटी (आईएसएम) के पेनमैन ऑडिटोरियम में आयोजित फ्लैग ऑफ समारोह में संस्थान के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी तथा पेंटाथलॉन विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता अनु कुमारी ने संयुक्त रूप से प्रतिभागियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.

युवा संगम के जरिए जुड़ेंगे दो राज्यों के युवा (Etv Bharat)

कार्यक्रम के तहत झारखंड के 42 युवा प्रतिभागी 26 मई से 3 जून तक आईआईटी इंदौर में आयोजित विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लेंगे. इस दौरान उन्हें दूसरे राज्य की संस्कृति, शिक्षा व्यवस्था, नवाचार, परंपराओं और सामाजिक जीवन को नजदीक से समझने का अवसर मिलेगा. युवा संगम कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य देश के विभिन्न राज्यों के युवाओं के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव बढ़ाना और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है.

प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा ने कहा कि युवाओं की पहचान केवल उनकी उम्र से नहीं, बल्कि उनके विचार, उत्साह और चुनौतियों का सामना करने की क्षमता से होती है. उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं को नए अनुभवों से जोड़ते हैं और उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं.

मुख्य अतिथि अनु कुमारी ने अपने जीवन संघर्ष और खेल यात्रा के अनुभव साझा करते हुए युवाओं को निरंतर मेहनत करने, असफलताओं से सीख लेने और विकसित भारत 2047 के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया.

डीन (स्टूडेंट वेलफेयर) प्रो. एसके गुप्ता ने कहा कि युवा संगम युवाओं के लिए सांस्कृतिक संवाद, सीखने और आपसी संबंध मजबूत करने का महत्वपूर्ण मंच है. वहीं रजिस्ट्रार प्रबोध पांडेय ने प्रतिभागियों से झारखंड की संस्कृति, परंपरा और सभ्यता का बेहतर प्रतिनिधित्व करने की अपील की.

कार्यक्रम में डीन (आरएंडडी) प्रो. पार्थसारथी दास, स्पोर्ट्स ऑफिसर डॉ. अनीता कुमारी तथा असिस्टेंट रजिस्ट्रार मृत्युंजय शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. अंत में प्रतिभागियों को शुभकामनाओं के साथ उत्साहपूर्ण माहौल में इंदौर के लिए रवाना किया गया.

यह भी पढ़ें:

IIT ISM और आईकेएन इनोवेशन फाउंडेशन के बीच एमओयू, दोनों मिलकर देंगे स्टार्टअप्स को नई उड़ान

IIT-ISM के सैकड़ों गार्डों की छंटनी पर आक्रोश, पुनर्बहाली की मांग को लेकर आंदोलन तेज

आईआईटी-आईएसएम के युवा वैज्ञानिक पीएम ECRG ग्रांट से सम्मानित, रसायन के क्षेत्र में स्थापित किया नया आयाम