आइस हॉकी स्पीति कप प्रतियोगिता का समापन, MLA अनुराधा राणा ने की ₹3 लाख देने की घोषणा
विधायक अनुराधा राणा ने आइस हॉकी स्पीति कप प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आइस हॉकी एसोसिएशन स्पीति का सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 11, 2026 at 7:58 PM IST
लाहौल स्पीति: हिमाचल प्रदेश की जिला लाहौल स्पीति के काजा में 5 दिवसीय आइस हॉकी स्पीति कप प्रतियोगिता का समापन हो गया. प्रतियोगिता में लगभग 270 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. समापन कार्यक्रम में विधायक अनुराधा राणा बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुई. इस दौरान उन्होंने विजेताओं व उप-विजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान किया.
इस मौके पर विधायक अनुराधा राणा ने कहा कि लाहौल स्पीति के काजा में आइस स्केटिंग गतिविधियां पिछले 6 सालों से आयोजित की जा रही है और पिछले दो वर्षों से यहां पर आइस हॉकी स्पीति कप प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें स्पीति घाटी के तोंद जोन, सेंटर जोन, शम जोन और पिन जोन चारों जोनों से महिला व पुरुष खिलाड़ियों के अलावा अंडर 18 बॉयज एंड गर्ल्स खिलाड़ियों ने भाग लिया.

विधायक ने बताया कि इसके अतिरिक्त आइस हॉकी प्रतियोगिता में जिला शिमला, किन्नौर और लाहौल स्पीति की विभिन्न टीमों ने भी भाग लिया और इस प्रतियोगिता में लगभग 270 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. इसमें जो बच्चे एवं युवा चयनित होंगे, उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने का मौका भी मिलेगा.
विधायक ने कहा कि आइस हॉकी एसोसिएशन स्पीति द्वारा आइस हॉकी से संबंधित विभिन्न उपकरणों के लिए 10 लाख रुपए की मांग की गई थी. जिस पर उन्होंने कहा कि अब तक 07 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की जा चुकी है और उन्होंने शेष 03 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा भी की.
विधायक ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों के आयोजन से युवाओं का रुझान इस खेल के प्रति बढ़ेगा और जिले के युवाओं को विभिन्न आईस स्केटिंग खेलों में भाग लेने का अफसर भी मिलेगा. उन्होंने बताया कि जिला लाहौल एवं स्पीति के बच्चों एवं युवाओं ने आइस हॉकी के साथ-साथ अन्य खेल गतिविधियों में भाग लेकर न केवल अपना बल्कि अपने माता-पिता सहित जिला व प्रदेश तथा देश का नाम रोशन किया है.
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के साहसिक खेल गतिविधियों से जहां बच्चों एवं युवाओं को आइस हॉकी जैसे खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का मौका मिलता है. वहीं, क्षेत्र के लोगों के साथ-साथ पर्यटकों का भी स्वस्थ मनोरंजन होता है. जिससे विभिन्न क्षेत्रों से स्पीति में आने वाले पर्यटकों की आमद भी बढ़ती है और स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होते हैं.
उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है और जनजातीय जिला लाहौल स्पीति सहित प्रदेश के अन्य जिलों में भी खेल मैदान और स्टेडियमों के निर्माण के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवा रही है. भविष्य में भी इस प्रकार की खेल गतिविधियों को और बढ़ावा देने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे. ताकि यहां के बच्चों एवं युवाओं को खेलने के लिए उचित मंच मिल सके.
अनुराधा राणा ने बच्चों एवं युवाओं से आह्वान किया कि आइस हॉकी के साथ-साथ अन्य खेलों में अवश्य भाग लेना चाहिए, खेलों में भाग लेने से न केवल शारीरिक विकास होता है, बल्कि इससे बच्चों के मानसिक व व्यक्तित्व का भी विकास होता है. नशे जैसी सामाजिक बुराई से युवाओं को दूर रखने में खेल महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
विधायक अनुराधा राणा ने कहा कि आने वाले समय में 8.50 करोड़ रुपए की राशि व्यय कर काजा में क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण भी किया जाएगा. ताकि यहां के युवाओं को खेलने में सुविधा मिल सके. वर्तमान प्रदेश सरकार के अथक प्रयासों के कारण हाल ही में काजा में विश्व स्तरीय स्टेडियम के निर्माण के लिए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू द्वारा आधारशिला रखी गई जिसका निर्माण कार्य जल्द ही आरंभ किया जाएगा.
ये भी पढ़ें: 'आर्थिक संकट के लिए सुक्खू सरकार जिम्मेदार, 3 साल में लिया ₹40 हजार करोड़ कर्ज, फिर भी विकास कार्य ठप'

