ETV Bharat / state

लखनऊ एयरपोर्ट पर पकड़ी गई 13 करोड़ की हाइड्रोपोनिक वीड; चॉकलेट के पैकेट में लाया गया, एक यात्री गिरफ्तार

कस्टम उपायुक्त जितेंद्र सिंह ने बताया कि यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया है. जांच पड़ताल की जा रही है.

हाइड्रोपोनिक वीड
हाइड्रोपोनिक वीड (Photo credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : June 2, 2026 at 10:28 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

लखनऊ : राजधानी के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सीमा शुल्क विभाग (कस्टम) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 13 करोड़ रुपये मूल्य की संदिग्ध हाइड्रोपोनिक वीड बरामद की है. इस मामले में कस्टम अधिकारियों ने बरामद हाइड्रोपोनिक वीड जब्त करते हुए एक भारतीय मूल के यात्री को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

कस्टम अधिकारियों के मुताबिक, 1 जून (सोमवार) को ओमान एयरलाइंस का विमान लखनऊ पहुंचा था. इस दौरान कस्टम की टीम यात्रियों के सामान की जांच कर रही थी. चेक इन बैगेज की एक्स-रे इमेजिंग से जांच के दौरान संदिग्ध वस्तु नजर आई. इसके बाद अधिकारियों ने संबंधित यात्री की पहचान कर उसे ट्रैक करते हुए रोक लिया और उसके सामान की गहन तलाशी ली.

तलाशी के दौरान बैग में पांच चॉकलेट पैकेट के भीतर छिपाकर रखे गए कुल 10 पॉलीथीन पैकेट बरामद हुए. इन पैकेटों में हरे रंग का पदार्थ मिला. जिसमें हाइड्रोपोनिक वीड (मारिजुआना) होने का संदेह है. कस्टम अधिकारियों के मुताबिक, बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन लगभग 13 किलोग्राम पाया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 13 करोड़ रुपये आंकी गई है.

कस्टम अधिकारियों ने शुरुआती जांच के आधार पर संदिग्ध पदार्थ को जब्त कर लिया है. फिलहाल कस्टम विभाग ने आरोपी को एनडीपीएस अधिनियम की धारा 43(बी) के तहत गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया और मामले की जांच जारी है.

लखनऊ एयरपोर्ट पर तैनात अपर आयुक्त जितेंद्र सिंह ने बताया कि सोमवार को मस्कट से लखनऊ आए यात्री के पास संदिग्ध वस्तु बरामद होने पर उसकी जांच कराई गई. जांच में संदिग्ध वस्तु हाइड्रोपोनिक वीड साबित होने पर यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया है. जांच पड़ताल की जा रही है.



यह भी पढ़ें : लखनऊ एयरपोर्ट पर AIU की बड़ी कार्रवाई, बैंकाॅक से 2.86 करोड़ की ड्रग्स लेकर लखनऊ पहुंचा यात्री गिरफ्तार