ETV Bharat / state

रुद्रपुर में आग का तांडव, चार झोपड़ियां स्वाहा, घरेलू सामान भी जलकर राख

रुद्रपुर के भगवानपुर क्षेत्र में चार झोपड़ियां आग लगने से स्वाहा हो गई. आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है.

FIRE IN HUTS
रुद्रपुर में आग का तांडव (PHOTO- ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : August 30, 2026 at 2:42 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रुद्रपुर: उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर के भगवानपुर क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक साथ चार झोपड़ियों में अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने चारों झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया. आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया. सूचना मिलने के बाद फायर स्टेशन रुद्रपुर से दमकल टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई.

फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया. अग्निकांड में चारों झोपड़ियों के अंदर रखा लगभग सारा घरेलू सामान जलकर राख हो गया. हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई.

फायर स्टेशन रुद्रपुर के मुताबिक, 30 अगस्त को तड़के करीब 2:42 बजे के भगवान क्षेत्र में एक घर में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी. सूचना मिलते ही फायर स्टेशन रुद्रपुर में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों ने तत्काल कार्रवाई शुरू की. अग्निशमन अधिकारी रुद्रपुर महेश चंद के आदेश पर एक फायर टेंडर और एक मिनी हाईप्रेशर वाहन को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया.

दमकल टीम जब मौके पर पहुंची तो वहां स्थिति काफी गंभीर थी. भगवानपुर में राम पुत्र मोहन, केल्डिया लल्लन पुत्र लक्ष्मण, भोला पुत्र राम और संतोष पुत्र राम की चार झोपड़ियां एक साथ आग की चपेट में थीं. झोपड़ियों में आग तेजी से फैल रही थी और अंदर रखा घरेलू सामान धू-धूकर जल रहा था. फायर कर्मियों ने बिना समय गंवाए आग बुझाने का अभियान शुरू किया.

दमकल कर्मियों ने मिनी हाई प्रेशर वाहन से पंपिंग कर आग पर पानी की बौछार की. काफी मशक्कत के बाद फायर यूनिट ने आग को पूरी तरह बुझा दिया. आग पर काबू पाने के दौरान दमकल कर्मियों ने इस बात का भी विशेष ध्यान रखा कि लपटें आसपास स्थित अन्य झोपड़ियों या मकानों तक न पहुंचें. समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया.

अग्निकांड के कारण चारों झोपड़ियों में रखा लगभग सारा घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया. इससे प्रभावित परिवारों को काफी नुकसान होने की बात सामने आई है. हालांकि अभी संपत्ति के कुल नुकसान का वास्तविक आकलन नहीं हो पाया है. संबंधित स्तर से नुकसान का आकलन किए जाने के बाद ही आग से हुई क्षति की पूरी जानकारी सामने आ सकेगी.

आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल कर्मियों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया था. मौके पर पहुंचने के बाद फायर यूनिट ने काफी मशक्कत करते हुए आग पर पूरी तरह काबू पा लिया. आग किस कारण से लगी, इसकी जांच की जा रही है. अग्निकांड में हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है.
-महेश चंद, अग्निशमन अधिकारी रुद्रपुर-

फायर विभाग के अनुसार, घटना के दौरान किसी व्यक्ति के घायल होने या आग की चपेट में आने की सूचना नहीं है. दमकल कर्मियों की तत्परता और समय पर की गई कार्रवाई के कारण आग को नियंत्रित कर लिया गया. फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही आग के कारणों और नुकसान की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

ये भी पढ़ें: