पैसे देने से इनकार करने पर काट दी पत्नी की जीभ, आरोपी पति गिरफ्तार
धनबाद के गोमो में एक जालिम पति ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दी. अब आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच गया है.

Published : August 25, 2026 at 8:28 PM IST
धनबाद: गोमो के हरिहरपुर थाना क्षेत्र के बरवाडीह में एक बेरहम शख्स ने आपसी विवाद और पैसे देने से इनकार करने पर अपनी पत्नी की जीभ काट दी. पत्नी की हालत गंभीर है और उसका इलाज एसएनएमएमसीएच धनबाद में चल रहा है. मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है मामले की जांच में जुट गई है.
क्या है पूरा मामला
घायल महिला की बड़ी बहन आशा देवी के अनुसार, उसकी छोटी बहन मधु की शादी राजेश गोस्वामी से हुई थी. दोनों ने प्रेम विवाह किया था. शादी के बाद मधु अपने पति के साथ ससुराल में रहती है. उन्होंने बताया कि उसकी छोटी बहन मधु के बैंक खाते में आवास योजना की रकम आई थी और उसका पति उससे पैसे मांग रहा था, लेकिन वह नहीं दे रही थी.
आशा देवी के अनुसार, आज फिर उसका पति शराब के नशे में अपने घर पहुंचा था और मांस-मछली लाने के लिए पत्नी से पैसे मांग रहा था. पत्नी ने पैसे देने से इनकार कर दिया तो विवाद बढ़ गया और पति ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. आरोप है कि ससुराल के अन्य सदस्यों ने महिला को पकड़ लिया और इसी दौरान पति ने पत्नी की जीभ काट दी. घायल महिला के मायका पक्ष के लोगों ने बताया कि घटना के बाद मधु ने किसी तरह खुद को बचाया और आस-पड़ोस के लोगों के सहयोग से उसे SNMMCH लाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
परिजनों का यह भी आरोप है कि पति पहले भी पैसे को लेकर मधु देवी के साथ मारपीट करता रहा है. परिवार का कहना है कि घटना के बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई. परिजन मामले में पति के साथ-साथ घटना में शामिल ससुराल पक्ष के सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
क्या कहते हैं थाना प्रभारी
वहीं, इस संबंध में हरिहरपुर थाना प्रभारी संतोष महतो ने बताया कि मामला पति-पत्नी के बीच विवाद का है. महिला की जीभ काटे जाने की बात सामने आई है. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है.अब पुलिस की जांच में यह स्पष्ट होगा कि घटना के दौरान वास्तव में क्या हुआ और इसमें ससुराल के अन्य सदस्यों की क्या भूमिका थी.
ये भी पढ़ें-
पति ही निकला पत्नी का कातिल, देवघर में चाय दुकान संचालिका हत्याकांड का खुलासा
घर के कमरे में मिला महिला का शव, पति गिरफ्तार - Woman Dead Body Found

