ETV Bharat / state

बाथरूम में पत्नी को एसिड से नहलाया, अगले दिन बंद कमरे में पड़ी थी पति की लाश

भागलपुर में पति ने पत्नी को तेजाब से नहलाया और फिर खुद भी एसिड पीकर जान दे दी. इस घटना से सभी दहल गए हैं.

Acid attack in Bhagalpur
भागलपुर में बड़ा कांड (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : January 3, 2026 at 2:03 PM IST

7 Min Read
Choose ETV Bharat

भागलपुर: नए साल का जश्न मनाने के लिए 5 साल बाद पति घर लौटा था, लेकिन साल का पहला दिन उसके लिए आखिरी दिन बन गया. दरअसल पत्नी से मामूली विवाद होने पर पहले तो उसने पत्नी को तेजाब पिलाया और नहलाया और एक दिन बाद खुद भी तेजाब पी कर जान दे दी.

पत्नी को तेजाब से नहलाया: पत्नी यह घटना भागलपुर के औद्योगिक थाना क्षेत्र में घटी है. घटना के बारे में बताया जा रहा है कि औद्योगिक थाना क्षेत्र में पति अपनी पत्नी और एक बेटे के साथ बीते कई सालों से एक किराए के मकान में रह रहा था. पत्नी खुद के आवासीय विद्यालय की प्रिंसिपल हैं.

5 साल बाद दिल्ली से भागलपुर लौटा पति: पत्नी 8वीं तक के बच्चों को पढ़ती हैं. किराए के मकान में ही आवासीय विद्यालय संचालित करती हैं. पति प्राइवेट कंपनी में दिल्ली में काम करता था. 5 साल से वह पत्नी से मिलने नहीं आया था.

विवाद के बाद पत्नी ने बंद कर लिया था दरवाजा: बीते 31 दिसंबर की रात युवक करीब साढ़े 12 बजे घर पहुंचा था. घर पहुंचने के साथ ही मामूली बात को लेकर दोनों में कहासुनी शुरू हो गई. दोनों में काफी देर तक विवाद हुआ. गुस्से में पत्नी अपने कमरे में सोने के लिए चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया.

बरामदे में सो रहा था पति: पति बाहर में ही बरामदे पर लगे चौकी पर सो गया. फिर थोड़ी देर बाद उठकर जिस कमरे में पत्नी सो रही थी उसका दरवाजा खटखटाने लगा, लेकिन पत्नी ने दरवाजा नहीं खोला. गुस्से से तमतमाया पति फिर वापस चौकी पर आकर लेट गया.

बाथरूम में पति ने किया हमला: अगली सुबह 1 जनवरी के दिन करीब 5:00 बजे पत्नी बाथरूम गई. तभी पति ने उन्हें बाथरूम जाते देख लिया और फिर बाथरूम में ही जबरदस्ती तेजाब पिला दिया और नहला दिया. इसके बाद पत्नी चीखने-चिल्लाने लगी.

बेटे ने मां को पहुंचाा अस्पताल: आवाज सुनकर सेकंड फ्लोर पर रह रहा उनका बेटा दौड़ते हुए नीचे पहुंचा तो देखा कि मां के ऊपर तेजाब डाला हुआ है. जिससे उनका चेहरा जल रहा है. बेटे ने मां को जवाहरलाल नेहरू अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार कर पटना एम्स रेफर कर दिया.

महिला के एक आंख की रोशनी चली गई: पटना के एम्स में महिला इलाजरत है, जहां उनकी एक आंख की रोशनी चली गई है और हालत नाजुक बनी हुई है. उधर घटना की जानकारी मिलने पर मकान मालिक ने थाना पहुंचकर घटना की जानकारी पुलिस को दी और मकान खाली करवाने की गुहार लगायी.

रूम में ही छुपा रहा पति: घटना की गंभीरता को देखते हुए औद्योगिक थाना अध्यक्ष इंस्पेक्टर नीरज कुमार मकान मालिक के साथ ही मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. आरोपी को तलाशना शुरू किया, लेकिन वह मौके पर नहीं मिला. पति, पुलिस को देखते ही मकान में ही छुपकर बैठ गया था.

मकान मालिक ने लॉक कर दिया कमरा: थाना अध्यक्ष ने घटना की जानकारी वरीय पुलिस पदाधिकारी को दी. इसके बाद मामला दर्ज करने को लेकर कार्रवाई शुरू की गई. पुलिस मौके से 1 जनवरी के दिन वापस लौट गई. पुलिस के सामने ही मकान मालिक ने आरोपी के कमरे में बाहर से ताला मार दिया.

बेटे ने बतायी पूरी घटना: फोन पर बातचीत में घटना के बारे में पीड़िता के बेटे ने बताया कि पापा दिल्ली में रहते थे. 5 साल बाद 31 दिसंबर की रात लौटे. उसी रात 12.30 बजे मम्मी-पापा में विवाद हुआ. मैं दूसरे तले पर सोया था. शोर सुनकर नीचे आकर सुलह कराया. मम्मी कमरे में गई और गेट बंद कर सो गयी. पापा हॉल में ही चौकी पर सो गए.

"बाद में पापा मम्मी का दरवाजा खटखटा रहे थे पर मम्मी ने दरवाजा नहीं खोला. 1 जनवरी की सुबह 4.30 बजे मम्मी बाथरूम गई, तभी पापा ने मम्मी को तेजाब पिलाने की कोशिश की. मां के चेहरे पर तेजाब डाल दिया. पापा ने कब तेजाब पी ली, पता नहीं."- पीड़िता का बेटा

अगले दिन पति का कमरे में ही मिला शव: आशंका जतायी जा रही है कि पत्नी को तेजाब से नहलाने के बाद मकान मालिक पुलिस को लेकर मौके पर पहुंचा तो पुलिस को देखकर पति कहीं कमरे में ही चुप कर बैठ गया था, जिस कारण पुलिस के खोजने के बाद भी वह नहीं मिला. फिर पुलिस के जाने के बाद फ्रस्ट्रेशन में तेजाब पी लिया होगा, जिससे उसकी मौत हो गई है.

पति ने पी लिया एसिड: घटना की जानकारी 2 जनवरी को फिर से मकान मालिक ने औद्योगिक थाना पुलिस को दी. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर वरीय पुलिस पदाधिकारी को घटना की जानकारी दी. जानकारी के बाद मौके पर एफएसएल की टीम ने पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किया. पुलिस ने ही घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी. उनके आने के बाद शव का पंचनामा किया गया और आगे की जांच पड़ताल में शुरू की गई.

पुलिस का बयान: इस मामले में थाना अध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि पहली घटना 1 जनवरी के दिन घटी थी. मकान मालिक से जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचा और आरोपी पति को खोजना शुरू किया लेकिन वह नहीं मिला.

"मेरे सामने ही मकान मालिक ने उनके कमरे में ताला लगाया था. फिर अगले दिन मकान मालिक ने जानकारी दी कि पति की मौत हो गई है, जिसके बाद हम लोग मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू किया गया. महिला का फर्द बयान नहीं हो पाया है, किस कारण विवाद हुआ था, क्योंकि महिला पटना में इलाजरत है. उसकी हालत अभी खराब है."- नीरज कुमार,थाना अध्यक्ष

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार: उन्होंने कहा कि अब इस घटना में भी परिजनों से आवेदन लिया जा रहा है. फिर आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी. प्रथम दृष्टया लग रहा है कि आरोपी ने खुद से ही एसिड पीकर आत्महत्या की है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कुछ भी स्पष्ट तौर पर बताया जा सकता है.

एसएसपी हृदय कांत के निर्देश पर स्थानीय पुलिस टीम यह पता लगा रही है कि शख्स एसिड कहां से लाया था. क्या वह पहले से एसिड लाकर घर में रखा हुआ था. क्या उसकी पत्नी से कई दिनों से अनबन चल रही थी.

स्थानीय लोगों ने क्या कहा?: स्थानीय लोगों की मानें तो महिला का पति के प्रति रूखा व्यवहार था. बात-बात पर वह उसे झिड़क देती थी. उसके घर से घंटों बाहर रहने के कारण पति भी उसके साथ सख्ती से पेश आने लगा था, लेकिन पति की सख्ती को नजरअंदाज करते हुए पत्नी अपनी राह ही जुदा करने पर तुली हुई थी.

"पति-पत्नी में जमीन की खरीद-बिक्री को लेकर विवाद हुआ, जिसमें पति ने पत्नी पर तेजाब डाल दिया. आशंका है कि आरोपी पति ने आत्महत्या की है."- शुभांक मिश्रा, एसपी सिटी

ये भी पढ़ें

मोकामा में ब्यूटीशियन पर एसिड अटैक, घर लौटते समय थाने से 1KM दूर हुई वारदात

बिहार में अस्पताल की वार्ड गर्ल पर एसिड अटैक, बाल-बाल बची!

'जीजा ने दुष्कर्म का विरोध करने पर चेहरे पर फेंक दिया तेजाब' पुलिस ने बताया असल मामला