ETV Bharat / state

बिहार में पत्नी सहित कई लड़कियों की अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने वाला पति गिरफ्तार

दरभंगा पुलिस ने एक साल से फरार आरोपी पति को गिरफ्तार किया. युवक ने अपनी पत्नी सहित कई लड़कियों की आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल की.

Darbhanga cyber crime
दरभंगा में पति गिरफ्तार (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : February 13, 2026 at 9:52 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले में साइबर क्राइम के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी पति को गिरफ्तार किया है. आरोपी ने अपनी पत्नी की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल किया था. यह मामला साइबर थाना से जुड़ा है, जिसमें आरोपी लगभग एक साल से फरार चल रहा था. पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.

पत्नी सहित कई लड़कियों का फोटो-वीडियो वायरल: गिरफ्तार आरोपी की पहचान मधुबनी जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के मानपुर गांव निवासी के रूप में हुई है. वह करीब एक साल से फरार था और इस दौरान मुंबई में छिपकर रह रहा था. पुलिस के अनुसार, आरोपी न केवल अपनी पत्नी के नग्न फोटो और वीडियो को आपत्तिजनक तरीके से सोशल मीडिया पर प्रसारित कर रहा था, बल्कि गांव की कई अन्य लड़कियों के आपत्तिजनक फोटो-वीडियो भी वायरल कर चुका था.

पत्नी सहित कई लड़कियों का फोटो-वीडियो वायरल (ETV Bharat)

पत्नी की शिकायत पर शुरू हुई जांच: मामले की शुरुआत आरोपी की पत्नी की लिखित शिकायत से हुई. उसने दरभंगा साइबर थाने में अपनी आपत्तिजनक तस्वीरों और वीडियो के वायरल होने की शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलने के बाद साइबर डीएसपी विपिन बिहारी के नेतृत्व में जांच टीम ने सक्रियता दिखाई. तकनीकी साक्ष्यों और डिजिटल ट्रेसिंग के माध्यम से आरोप सही पाए गए, जिसके बाद आरोपी की तलाश तेज कर दी गई.

छापेमारी और गिरफ्तारी: पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी अपने गृह गांव मानपुर आया हुआ है. इस सूचना पर साइबर थाना की टीम ने त्वरित छापेमारी की और आरोपी को दबोच लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.

साइबर डीएसपी की अपील और चेतावनी: साइबर डीएसपी विपिन बिहारी ने बताया कि आरोपी पिछले एक साल से फरार था, लेकिन गुप्त सूचना पर कार्रवाई कर उसे पकड़ा गया. उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसी किसी भी घटना में मानसिक तनाव में न आएं, बल्कि तुरंत नजदीकी थाना या साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराएं. डीएसपी ने चेतावनी दी कि फर्जी आईडी या छिपकर इस तरह के अपराध करने वाले भी पुलिस की पहुंच में आते हैं और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होती है.

"आरोपी अपनी पत्नी की नग्न तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक तरीके से वायरल कर रहा था. इतना ही नहीं, वह अन्य लड़कियों के फोटो-वीडियो भी प्रसारित करता था. पिछले एक साल से फरार चल रहा था. गुप्त सूचना मिली की मानपुर गांव आया हुआ है सूचना पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया."- विपिन बिहारी, साइबर डीएसपी

साइबर अपराध के बढ़ते खतरे: यह मामला साइबर अपराध के बढ़ते खतरे को उजागर करता है, जहां निजी तस्वीरें और वीडियो का दुरुपयोग रिश्तों को तोड़ने और महिलाओं को प्रताड़ित करने का माध्यम बन रहा है. बिहार में साइबर सेल की सक्रियता से ऐसे मामलों में तेजी से कार्रवाई संभव हो रही है. पुलिस का यह प्रयास अन्य पीड़ितों को भी आगे आने और शिकायत दर्ज करने के लिए प्रेरित करेगा.

महिलाओं की सुरक्षा के लिए जागरूकता जरूरी: साइबर अपराध से निपटने के लिए तकनीकी जांच के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता भी आवश्यक है. महिलाओं को अपनी निजी जानकारी की सुरक्षा पर ध्यान देना चाहिए और किसी भी आपत्तिजनक सामग्री के वायरल होने पर बिना देर किए पुलिस से मदद लेनी चाहिए.

ये भी पढ़ें-

Yearender 2025: बिहार बना डिजिटल अरेस्ट का सबसे बड़ा हॉटस्पॉट, निशाने पर रहे पढ़े-लिखे लोग

बिहार में AI से राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री का 'डीपफेक' वीडियो बनाया, युवक गिरफ्तार