सिरसा के डबवाली में पति की मौत, पत्नी अस्पताल में मौत से जूझ रही, बच्चों की पिटाई की थी
हरियाणा के सिरसा के डबवाली में पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी को राजस्थान के हनुमानगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया.

Published : February 26, 2026 at 7:17 PM IST
सिरसा : हरियाणा के सिरसा जिले के गांव चौटाला में घरेलू कलह की वजह से पति की मौत हो गई है, जबकि पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है.
पत्नी को इलाज के लिए भर्ती करवाया गया : दोनों ने जीवन समाप्त करने की कोशिश की जिसके बाद पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर देखकर राजस्थान के हनुमानगढ़ में भर्ती करवाया गया. फिलहाल महिला का इलाज किया जा रहा है. मृतक पति सुभाष कुमार चौटाला गांव का ही निवासी है. पुलिस ने मृतक सुभाष के शव को पोस्टमार्टम के लिए डबवाली के नागरिक अस्पताल में भेज दिया है.
बेटे ने पड़ोसी को दी जानकारी : घटना के दौरान घर पर पांचों बच्चे मौजूद थे. माता पिता की हालत बिगड़ती देख 12 वर्षीय बेटा घबराकर करीब 5 किलोमीटर दूर खेतों में बने पड़ोसी रोहताश के घर तक दौड़ा. उसने चिल्लाकर रोहताश को सारी घटना तुरंत ही बताई और अपने माता पिता को बचाने के लिए गिड़गिड़ाया. सूचना मिलते ही पड़ोसी भी बेटे के साथ मौके पर पहुंचे और डायल 112 और खेत मालिक को सूचना दी.
राजस्थान के अस्पताल पहुंचाया : थाना सदर डबवाली के प्रभारी शैलेंद्र कुमार चौटाला, चौकी प्रभारी सतपाल और 112 की टीम मौके पर पहुंची. वहां पर घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने सुभाष को चेक किया तो सुभाष की धड़कन रुक चुकी थी, जबकि सुनीता की सांसें चल रही थीं. परिजनों ने बिना देर किए सुनीता को अपनी गाड़ी से गांव चौटाला से करीब 2 किलोमीटर दूर राजस्थान के संगरिया अस्पताल पहुंचाया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हनुमानगढ़ के जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.

बच्चों की पिटाई की थी : बताया जा रहा है कि खुदकुशी की कोशिश से पहले सुभाष ने अपने दो छोटे बच्चों की पिटाई भी की थी जिससे उन्हें मामूली चोटें भी आईं. पुलिस ने दोनों बच्चों को अपनी सुरक्षा में लेकर अस्पताल में शुरुआती इलाज करवाया. थाना सदर प्रभारी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि महिला का इलाज जारी है और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें : पंचकूला में एशिया का सबसे बड़ा कैक्टस गार्डन !, 1500 किस्मों के साथ 28 फीट लंबा कैक्टस बना लोगों के लिए अजूबा
ये भी पढ़ें : हरियाणा में 12वीं के अंग्रेजी का पेपर आउट, बोर्ड चेयरमैन बोले - दोषियों पर करेंगे सख्त कार्रवाई

