उत्तराखंड में गहरी खाई में गिरी कार, पति-पत्नी की दर्दनाक मौत, बारात से लौट रहे थे घर
उत्तराखंड में फिर बड़ा सड़क हादसा हुआ है. बारात से लौट रही कार गहरी खाई में गिर गई, हादसे में दंपति की मौत हो गई.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : February 22, 2026 at 10:33 PM IST
|Updated : February 22, 2026 at 10:55 PM IST
पिथौरागढ़: सीमांत जिले पिथौरागढ़ के घाट क्षेत्र में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है. जहां बारात से लौट रही एक कार गहरी खाई में जा गिरी. इस हादसे में पति-पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई. इस हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
गहरी खाई में गिरी कार: जानकारी के मुताबिक, टनकपुर-तवाघाट हाईवे पर घाट के पास एक कार संख्या UK 06 AZ 8788 अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर नीचे खाई में जा गिरी. इस हादसे में कार सवार योगेश कुमार और उनकी पत्नी निधि आर्या की दर्दनाक मौत हो गई. दोनों बारात से लौट रहे थे, तभी उनके साथ हादसा हो गया.
बताया जा रहा है कि यह हादसा रविवार देर शाम हुआ. दरअसल, पुलिस को सूचना मिली थी कि मटेला बैंड से करीब एक किलोमीटर आगे शहीद द्वार के पास एक कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई है. जिसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया.

वहीं, एसडीआरएफ की टीम ने अंधेरा और खाई होने की वजह से कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ा. किसी तरह से शवों को खाई से बाहर निकाला, फिर पुलिस को सौंप दिया. फिलहाल, पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. उधर, हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई.
कार हादसे में मौत-
- योगेश कुमार पुत्र जीवन राम (उम्र 38 वर्ष), निवासी- बजेटी, पिथौरागढ़
- निधि आर्या पत्नी योगेश कुमार (उम्र 26 वर्ष), निवासी- बजेटी, पिथौरागढ़
सरकारी नौकरी करते थे दंपति: बताया जा रहा है कि योगेश कुमार लोक निर्माण विभाग टकाना (पिथौरागढ़) में बाबू के पद पर कार्यरत थे. जबकि, उनकी पत्नी रानीखेत में सरकारी नौकरी करती थी. बताया जा रहा है कि दोनों गंगोलीहाट में अपने चाचा के साले के बेटे की बारात में शामिल होने गए थे.

कार के उड़े परखच्चे: बारात लोहाघाट पहुंचने के बाद वो पिथौरागढ़ लौट रहे थे. तभी घाट के पास उनकी कार असंतुलित होकर खाई में गिर गई. जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए. ऐसे में बमुश्किल शवों को निकाला जा सका.
"हादसे में दंपति की मौत हुई है. अभी हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है. फिलहाल, हादसे की जांच की जा रही है. रात होने के कारण पुलिस को रेस्क्यू करने में परेशानी हुई, लेकिन किसी तरह से रेस्क्यू को अंजाम दिया गया."- जीतेंद्र सोराड़ी, प्रभारी उप निरीक्षक, घाट चौकी
ये भी पढ़ें-

