बलरामपुर में पति-पत्नी की संदिग्ध हालात में मौत; कमरे में बिस्तर पर पड़े थे दोनों के शव, पुलिस जांच में जुटी
अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय ने बताया कि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : September 1, 2026 at 4:30 PM IST
बलरामपुर : जिले के गैंडास बुजुर्ग थाना क्षेत्र में एक घर के कमरे में पति-पत्नी का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला है. घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस के आलाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है और जांच में जुट गई है.
पुलिस के मुताबिक, पीर गेडास गांव में मनोज (28) एवं उनकी पत्नी मंजू देवी (26) अपने दो बच्चों के साथ रहते थे. परिजनों ने बताया कि सोमवार की शाम तक जब कमरे से बाहर नहीं निकले तो मृतक की भाभी ने आवाज देकर कमरा खुलवाने का प्रयास किया. कमरा न खुलने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़कर देखा तो घर के एक कमरे में पति-पत्नी अचेत अवस्था में बिस्तर पर पड़े थे. परिजन उन्हें अस्पताल ले गये, जहां डाॅक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया.
अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय ने बताया कि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया और आवश्यक दिशा निर्देश दिये.
उन्होंने बताया कि मामले की विभिन्न पहलुओं पर जांच कराई जा रही है. रिपोर्ट मिलने पर विधिक कार्यवाही की जाएगी. उन्होंने बताया कि मृतक मनोज विदेश में रहकर नौकरी करता था, पिछले महीने वह घर वापस आया था. उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया यह घटना आत्महत्या की प्रतीत होती है.
उन्होंने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. जल्द ही स्थिति स्पष्ट हो जाएगी. पुलिस क्षेत्राधिकारी जितेन्द्र कुमार ने बताया कि मृतक मनोज पिछले दो वर्ष से दुबई में रहकर काम करता था. पिछले महीने वह दुबई से अपने घर लौटा था. उसका विवाह करीब आठ वर्ष पूर्व हुआ था. मृतकों के दो बच्चे भी थे. एक बच्चा 5 वर्ष एवं एक बच्चा तीन वर्ष का है. उन्होंने बताया कि दोनों की काॅल डिटेल निकलवाई जा रही है.

