ETV Bharat / state

शिमला में खाई में गिरी हरियाणा नंबर की थार, पति-पत्नी की मौत

शिमला के कुमारसेन में एक हादसा पेश आया है. इस हादसे में दो लोगों की मौत हुई है.

शिमला में खाई में गिरी हरियाणा नंबर की थार
शिमला में खाई में गिरी हरियाणा नंबर की थार (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : March 1, 2026 at 10:03 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: पुलिस थाना क्षेत्र कुमारसेन के तहत शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है. हादसे में चंडीगढ़ निवासी दंपति की मौत हो गई. शिमला के कुमारसेन में जबलनाला-भरेड़ीधार सड़क पर जारोल के पास एक हरियाणा नंबर की थार गहरी खाई में जा गिरी. हादसा शनिवार सुबह करीब 7 बजे हुआ. गाड़ी के गिरने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. लोगों ने गाड़ी के बाहर 3 मीटर दूर एक व्यक्ति को अचेत पड़ा हुआ देखा, जबकि एक महिला गाड़ी के अंदर सीट बेल्ट से बंधी हुई थी, जो गंभीर रूप से घायल थी.

ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद महिला को गाड़ी से बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस की मदद से कोटगढ़ अस्पताल भेजा, लेकिन व्यक्ति को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया. साथ ही महिला को आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में हालत बिगड़ने के बाद महिला को ठियोग अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने महिला को भी मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान अंकुर राजपाल और उसकी पत्नी अपराजिता निवासी फ्लैट नंबर 379, एओटी कांप्लेक्स सेक्टर 48A चंडीगढ़ के रूप में हुई है.

रोहित कुमार निवासी जब्बलपुर ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि 28 फरवरी को सुबह करीब 7 बजे वो घर पर सो रहा था, तभी उसे किसी चीज के गिरने की तेज आवाज सुनाई दी थी. बाहर आकर देखने पर उसने पाया कि एक कार सड़क से लगभग 150 मीटर नीचे जाबल नाले में गिर गई थी. वहीं, पुलिस ने मामले को लेकर धारा 281 व 106(1) बीएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज कर लिया है. प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाने को बताया गया है.

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था. परिजनों को भी मामले की सूचना दे दी गई थी. मामले की जांच एलएचसी सविता (आई/ओ) द्वारा की जा रही है. डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा ने बताया कि अभी हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. जांच के बाद ही हादसे के कारणों का पता चल पाएगा.

ये भी पढ़ें: स्कूटी पर जा रहे थे मां-बेटा, गलत दिशा से आ रही हरियाणा नंबर की कार ने उड़ा दिया