ETV Bharat / state

कूलर में करंट उतरने से पति-पत्नी की मौत; रात को खाना खोकर सोए, सुबह दोनों के शव मिले

शमशाबाद थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

कूलर में करंट उतरने से पति-पत्नी की मौत.
कूलर में करंट उतरने से पति-पत्नी की मौत. (Photo Credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : July 5, 2026 at 1:01 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

आगरा: जिले के शमसाबाद थाना क्षेत्र स्थित गांव कुतुकपुर में शनिवार देर रात कूलर से करंट की चपेट में आने से पति-पत्नी की मौत हो गई. दो मौतों से घर में कोहराम मच गया. बच्चों का रो-रोकर हाल बेहाल है. ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया.

शमशाबाद थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र राव ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर रविवार सुबह पुलिस टीम गांव में पहुंची थी. घर में जगदीश (40) पुत्र घीराम सिंह और शशि (35) पत्नी जगदीश के शव पड़े मिले. परिजनों ने पुलिस को बताया कि जगदीश खेती करने के साथ ही घर में परचून की दुकान चलाते थे.

जगदीश की 14 साल पहले शादी शशि से हुई थी. दोनों के 4 बच्चे हैं. इनमें दो बेटियां मोना (13) और सोना (10) हैं. दो बेटे सूर्य (9) और हेमंत (7) हैं. रोजाना की तरह शनिवार रात करीब 11 बजे जगदीश ने दुकान बंद की और घर पहुंचे.

खाना खाया और जगदीश और उनकी पत्नी शशि कमरे में सो गए. इस बीच कमरे में चल रहे कूलर में करंट उतर आया था. किसी तरह से बिजली बोर्ड से निकला एक तार संदूक पर गिर गया, जिससे पूरे कमरे में करंट फैल गया.

इसकी चपेट में जगदीश और शशि आ गए. जब रविवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजन को चिंता हुई. जब कमरे में परिजन और ग्रामीणों ने देखा तो अंदर जगदीश और शशि अचेत पड़े थे. इससे परिवार में हड़कंप मच गया. मौके पर ग्रामीण जमा हो गए.

ग्रामीणों ने हादसे की जानकारी तुरंत पुलिस को दी. मगर, पहले ही जगदीश और शशि की मौत हो चुकी थी. सूचना पर शशि के मायके वाले पहुंच गए. शशि के भाई ने चारों बच्चे ननिहाल भेज दिए हैं. शमशाबाद थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र राव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें: मानसून : यूपी में अब कब होगी बारिश?, मौसम विभाग का नया RAIN ALERT जानिए