भिवानी में सड़क हादसे में पति और देवर की मौत, पत्नी के जन्मदिन के लिए केक लेकर घर आ रहे थे दोनों युवक
पत्नी के जन्मदिन के लिए केक लेकर घर आ रहे पति और देवर की सड़क हादसे में मौत हो गई.

Published : July 3, 2026 at 4:11 PM IST
भिवानी: जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां पलभर में छीन लीं. पत्नी के जन्मदिन का केक लेकर घर लौट रहे युवक और उसके चचेरे भाई की तेज रफ्तार कार की टक्कर से मौत हो गई. हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया. गुस्साए परिजनों ने आरोपी की गिरफ्तारी तक दोनों युवकों का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है.
दिसंबर 2025 में हुई थी आशीष की युवक की शादीः भिवानी जिले के जुई क्षेत्र में हुए इस दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी की आंखें नम कर दीं. गांव लेघां हेतवान निवासी 22 वर्षीय विकास और 20 वर्षीय आशीष मोटरसाइकिल पर सवार होकर जुई से केक खरीदकर अपने गांव लौट रहे थे. आशीष की शादी 28 दिसंबर 2025 को हुई थी और गुरुवार को उसकी पत्नी का जन्मदिन था. इसी खुशी को मनाने के लिए वह अपने चचेरे भाई विकास के साथ केक लेने गया था. लेकिन किसी को क्या पता था कि यह खुशी कुछ ही देर में मातम में बदल जाएगी.
आरोपी चालक कार सहित मौके से फरार: परिजन शमशेर व रविंद्र के अनुसार, गांव लौटते समय तेज रफ्तार कार ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि विकास की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल आशीष ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया. हादसे के बाद आरोपी चालक कार सहित मौके से फरार हो गया.
आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांगः दोनों युवक सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे थे और अपने परिवार की उम्मीद माने जाते थे. एक ही हादसे में दोनों की मौत से गांव और परिवार में शोक की लहर है. परिजनों ने पुलिस से आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. उनका कहना है कि जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होगा, तब तक दोनों युवकों का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा. परिजनों ने कहा कि हमारे परिवार की सारी खुशियां खत्म हो गईं. पुलिस जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार करे. जब तक गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक हम अंतिम संस्कार नहीं करेंगे.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिसः हादसे की सूचना मिलते ही जुई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच अधिकारी सुरेश कुमार ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया. जांच अधिकारी सुरेश कुमार ने मामला दर्ज कर फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी है. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.

