मामूली से घरेलू विवाद में पति ने खोया आपा, पत्नी की पाटल से की हत्या, देहरादून का मामला
राजधानी देहरादून से सनसनीखेज खबर सामने आई है. यहां एक व्यक्ति पर पत्नी की हत्या का आरोप लगा है.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : August 27, 2026 at 5:04 PM IST
देहरादून: उत्तराखंड के देहरादून से बड़ी खबर सामने आई है. डालनवाला कोतवाली क्षेत्र में एक महिला की हत्या की सूचना मिली है. आरोप है कि घरेलू विवाद में पति ने ही कथित तौर पर पाटल से पत्नी की हत्या कर दी. मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की.
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है. वहीं आरोपी पति रामजी लाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि आरोपी ने पाटल से अपनी पत्नी के गले पर वार किया था.
तीन महीने पहले ही देहरादून आया था परिवार: जानकारी के अनुसार रामजी लाल मूल रूप से यूपी के अयोध्या का रहने वाला है, जो देहरादून में अपनी पत्नी तीन के बच्चों के साथ रहता है. रामजी लाल काम की तलाश में करीब तीन महीने पहले ही देहरादून आया था. वहीं करीब दस दिन पहले ही उसने डालनवाला क्षेत्र में मोहनी रोड पर एक कमरे किराया पर लिया था.
मामूली से विवाद में कर दी पत्नी की हत्या: बताया जा रहा है कि रामजी लाल और उसकी पत्नी दोनों ही राजमिस्त्री का काम करते हैं. आज सुबह पति रामजी लाल काम पर नहीं गया तो पत्नी ने उसे काम के लिए जाने के लिए कहा. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई. तभी गुस्से में आरोपी रामजी लाल ने अपनी पत्नी पर पाटल से वार कर दिया. इसी वजह से पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई.
नशे का आदि है आरोपी: वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था. आस-पड़ोस के लोगों ने तत्काल पुलिस को मामले की सूचना दी. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची. मृतका की बहन सोनू पाल ने बताया कि दोनों पति-पत्नी के बीच पहले किसी तरह का तनाव नहीं था और न ही पति रामजी लाल द्वारा बहन के साथ मारपीट किए जाने की जानकारी थी. हालांकि रामजी लाल नशे का आदि जरूर था.बताया जा रहा है कि आज सुबह भी पति ने नशा किया हुआ था.
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच के साथ ही हत्या के पीछे की पूरी वजह और घटना की जानकारी जुटा रही है. आरोपी पति को हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.
पढ़ें---

