ETV Bharat / state

स्मार्ट मीटर के विरोध में सड़कों पर उतरे लोग, कहा: मीटर नहीं शिक्षा, स्वास्थ्य को स्मार्ट बनाए सरकार

ग्राम पंचायत तलाड़ा के सैकड़ों लोगों ने स्मार्ट मीटर के खिलाफ ढालपुर में धरना प्रदर्शन किया. डीसी के माध्यम से सरकार को भी ज्ञापन भेजा

स्मार्ट मीटर के विरोध में उतरे लोग
स्मार्ट मीटर के विरोध में उतरे लोग (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : February 17, 2026 at 5:03 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

कुल्लू: हिमाचल प्रदेश के विभिन्न इलाकों में इन दिनों बिजली बोर्ड की ओर से स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, लेकिन जगह-जगह पर बिजली के स्मार्ट मीटर का लोगों की ओर से विरोध किया जा रहा है. जिला कुल्लू में सैंज घाटी की ग्राम पंचायत तलाड़ा के सैकड़ों लोगों ने भी स्मार्ट मीटर के खिलाफ ढालपुर में धरना प्रदर्शन किया. वहीं, डीसी के माध्यम से सरकार को भी ज्ञापन भेजा और मांग रखी कि स्मार्ट मीटर की बजाय बिजली के पुराने मीटर को ही यथावत रखा जाए.

ढालपुर पहुंचे ग्रामीणों का कहना है कि पहले ही तलाड़ा पंचायत आपदा से प्रभावित है और यहां पर लोग आज भी जीने के लिए कई तरह के मुश्किलें झेल रहे हैं. ऐसे में सरकार को चाहिए कि वो सड़कों, शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं को स्मार्ट करें, ताकि घर द्वार पर लोगों को मूलभूत सुविधाएं स्मार्ट तरीके से मिल सकें, लेकिन सरकार बिजली मीटर को स्मार्ट मीटर में बदलने का काम कर रही है.

क्या है सरकार की मजबूरी

ढालपुर में स्मार्ट मीटर का विरोध करने पहुंची महिला गोदावरी का कहना है कि आखिर सरकार की ऐसी क्या मजबूरी है कि वो पुराने मीटर को बदलकर स्मार्ट मीटर लगा रही है. सरकार को ये बात स्पष्ट करनी चाहिए कि पहले के मीटर में क्या तकनीकी खराबी थी, जो इन्हें अब बदला जा रहा है. आज भी तलाड़ा पंचायत क्षेत्र में बच्चों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और लोग भी रोज की जिंदगी के लिए कई तकलीफें झेल रहे हैं, क्योंकि आपदा में ये पूरी पंचायत पूरी तरह से प्रभावित हुई थी. प्रशासन और सरकार को चाहिए कि वो स्मार्ट मीटर बदलने की बजाय ग्रामीणों को राहत देने का काम करें.

'कंपनियों को पहुंचाया जा रहा फायदा'

वहीं, पंचायत के पूर्व प्रधान सुभाष ठाकुर ने बताया कि 'पूरे प्रदेश में लोग स्मार्ट मीटर का विरोध कर रहे हैं, लेकिन उसके बाद भी सरकार स्मार्ट मीटर लगाने का काम कर रही है. सरका की ओर से कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए ये काम किया जा रहा है ये सरासर गलत है. तलाड़ा पंचायत के सैकड़ों महिलाओं ने सरकार से मांग रखी है कि स्मार्ट मीटर बदलने का काम बंद किया जाए और लोगों को पुराने मीटर ही दिया जाएं.'

ये भी पढ़ें: युवती ने HRTC कंडक्टर को मारा थप्पड़, थाने तक पहुंच गया मामला