फरीदाबाद में मानवता शर्मसार, नाले में एक दिन के नवजात शिशु का शव मिला, जांच में जुटी पुलिस
फरीदाबाद में एक नाले में पॉलिथीन में एक दिन के नवजात का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है.

Published : February 21, 2026 at 6:41 PM IST
फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद स्थित NIT 2 नंबर में इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है. दरअसल इस इलाके में स्थित नेक्स्ट जेन जिम के सामने से गुजरने वाले नाले में 1 दिन के नवजात शिशु का शव मिला है. शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने शव को जिला नागरिक अस्पताल के मोर्चरी में रखवा दिया है और जांच में जुट गई है.
पॉलिथीन में रखा गया था शवः प्रत्यक्षदर्शी राहुल ने बताया कि "वह रोज की तरह आज भी करीब सुबह 7 बजे अपने दोस्तों के साथ जिम जा रहा था. इस दौरान उसने काले रंग की एक पॉलिथीन संदिग्ध हालत में नाले में दिखी. इसके बाद वहीं से गुजर रहे कूड़ा उठाने वाले लड़के ने पॉलिथीन खोलकर देखा तो वह सन्न रह गया. इसके बाद मैंने मामले की सूचना डायल 112 को दी. सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंच गई. उधर मौके पर लोगों की भीड़ भी लग गई. उसके बाद पुलिस द्वारा एंबुलेंस बुलाई गई और नवजात के शव को एंबुलेंस के माध्यम से जिला नागरिक अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया."
आसपास लेगे सीसीटीवी को खंगाल रही है पुलिसः मामले में थाना कोतवाली के प्रभारी भगवान ने बताया कि "सुबह हमारी टीम को सूचना प्राप्त हुई कि दो नंबर क्षेत्र में पार्क के बाउंड्री के पीछे नाले में में एक नवजात शिशु का शव पड़ा हुआ है. उसके बाद हमारी टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला नागरिक अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. ये एक दिन का नवजात शिशु है. हालांकि मामले में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे को भी खंगाला जा रहा है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. मामले में जो भी आरोपी होगा उसे खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी."

