ETV Bharat / state

हरियाणा में 13-14 जून को HTET की परीक्षा, 20 से ज्यादा सवाल छोड़ने पर परीक्षा होगी रद्द

हरियाणा में टीचर बनने के जरूरी हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है.

HTET EXAM DATES JUNE 13 AND JUNE 14 New Rule Haryana BSEH Chairman Pawan Kumar Press Conference
हरियाणा में 13-14 जून को HTET की परीक्षा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : May 25, 2026 at 6:54 PM IST

|

Updated : May 25, 2026 at 7:30 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

भिवानी: हरियाणा प्रदेश में अध्यापक बनने के लिए जरूरी हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) को लेकर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने परीक्षा की तिथियां घोषित कर दी है जिसके बाद प्रदेश में शिक्षक बनने का सपना देख रहे लाखों युवाओं का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है. हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के भिवानी में स्थित मुख्यालय पर सोमवार को पत्रकार वार्ता में शिक्षा बोर्ड चेयरमैन डॉ. पवन कुमार ने बताया कि इस बार एचटेट परीक्षा का आयोजन 13 और 14 जून को किया जाएगा. इस परीक्षा को प्रदेशभर में सुचारू और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.

13 और 14 जून को परीक्षा : पत्रकार वार्ता में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड चेयरमैन डॉ. पवन कुमार ने परीक्षा के शेड्यूल की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए परीक्षा को दो दिनों में तीन अलग-अलग सत्रों (लेवल) में विभाजित किया गया है. उन्होंने बताया कि 13 जून को सांयकालीन सत्र में और 14 जून को प्रात: कालीन व सांयकालीन सत्र में लेवल-1, लेवल-2 व लेवल-3 की परीक्षाएं करवाई जाएगी. बोर्ड चेयरमैन ने बताया कि इस बार प्रदेशभर से करीबन 2 लाख 45 हजार परीक्षार्थी एचटेट परीक्षा में बैठेंगे. इतनी बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के लिए पूरे हरियाणा में 820 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं. सभी केंद्रों पर सुरक्षा और नकल रोकने के कड़े इंतजाम रहेंगे.

20 से ज्यादा सवाल छोड़ने पर परीक्षा होगी रद्द (ETV Bharat)

20 से ज्यादा प्रश्न खाली छोड़े तो... : बोर्ड चेयरमैन डॉ. पवन कुमार ने कहा कि जिन अध्यापकों की ड्यूटी वर्तमान में जनगणना कार्य में लगी हुई है, उन्हें एचटेट परीक्षा की ड्यूटी से मुक्त रखा जाएगा. इस निर्णय से शिक्षकों पर काम का अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा और वे अपने वर्तमान विभागीय कार्यों को बिना किसी मानसिक तनाव के पूरा कर सकेंगे. वहीं अत्याधिक गर्मी व लू के कारण परीक्षा केंद्रों पर पुख्ता व समुचित प्रबंध किए जाएंगे. उन्होंने बताया कि परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता और निष्पक्षता को बनाए रखने के लिए बोर्ड ने इस बार एक ऐतिहासिक नियम लागू किया है. उन्होंने बताया कि यदि कोई अभ्यर्थी परीक्षा के दौरान अपनी ओएमआर शीट में 20 से ज्यादा प्रश्न खाली छोड़ता है तो उसकी परीक्षा तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी जाएगी. उन्होंने कहा कि ये कदम परीक्षा प्रणाली में किसी भी प्रकार की हेराफेरी या बाद में ओएमआर शीट भरने जैसी संभावित गड़बड़ियों को रोकने के लिए उठाया गया है. डॉ. पवन कुमार ने सभी परीक्षार्थियों से अपील करते हुए कहा कि वे परीक्षा के नियमों का पूरी निष्ठा से पालन करें.

कड़ा पहरा रहेगा : शिक्षा बोर्ड चेयरमैन डॉ. पवन कुमार ने कहा कि हर बार की तरह इस बार भी हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड बिना किसी बाधा के पूरी तरह से पारदर्शी और नकल-रहित परीक्षा आयोजित करवाएगा. इसके लिए परीक्षा केंद्रों पर प्रशासनिक मुस्तैदी और उड़नदस्तों का कड़ा पहरा रहेगा. वहीं दूसरी तरफ परीक्षा का आयोजन सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगा. उन्होंने बताया कि सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा आरंभ होने से डेढ़ घंटा पूर्व परीक्षा केन्द्र पर पहुंचना होगा ताकि केन्द्र के मुख्य द्वार पर मेटल डिटेक्टर से तलाशी, बायोमैट्रिक, अंगूठे के निशान का डाटा कैप्चरिंग इत्यादि अनिवार्य प्रक्रियाएं समय रहते पूरी हो सकें.

हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, लोकसभा चुनाव से जुड़ी हर ख़बर, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App

ये भी पढ़ें : हरियाणा रोडवेज की बस में मुफ़्त सफ़र कर सकेंगे NEET उम्मीदवार, CM नायब सिंह सैनी ने किया बड़ा ऐलान

ये भी पढ़ें : NEET UG 2026 एग्जाम रद्द, बड़ा सवाल - अब क्या करें छात्र ?, जानिए यहां...

ये भी पढ़ें : NEET UG 2026 : कैसा रहा नीट का पेपर ? सुनिए Exam की कहानी, विद्यार्थियों की जुबानी

Last Updated : May 25, 2026 at 7:30 PM IST