238 परीक्षा केंद्रों पर आज HTET लेवल-3 का एग्जाम, 2.33 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने किया आवेदन
सूबे में आज से हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) 2025 की शुरुआत होगी. प्रशासन ने नकल को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं.

Published : July 4, 2026 at 7:24 AM IST
भिवानी: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से आयोजित हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) 2025 की शुरुआत 4 जुलाई से होगी. पहले दिन लेवल-3 (PGT) की परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें प्रदेशभर के 238 परीक्षा केंद्रों पर 73,091 अभ्यर्थी शामिल होंगे. परीक्षा को नकलमुक्त और शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था और 128 उड़नदस्तों की तैनाती की गई है.
आज होगी HTET लेवल-3 (PGT) परीक्षा: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) की ओर से आयोजित हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) 2025 का आगाज आज, 4 जुलाई से हो रहा है. पहले दिन लेवल-3 (PGT) की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित होगी. इस परीक्षा के लिए प्रदेशभर में 238 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 73,091 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे.
2.33 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने किया आवेदन: इस वर्ष HTET के लिए कुल 2,33,294 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है. इनमें 1,66,137 महिला और 67,157 पुरुष अभ्यर्थी शामिल हैं. DSP अनूप कुमार ने कहा कि "किसी भी दिक्कत या परेशानी में कोई भी अभ्यर्थी पुलिस से मदद ले सकता है. परीक्षा के दोनों दिन जिला भर में पुलिस के 500 कर्मचारी व अधिकारी मोर्चा संभालेंगे. कोई भी संदिग्ध व्यक्ति पुलिस के इस घेरे को भेद नहीं पाएगा."
तीनों स्तरों के अनुसार अभ्यर्थियों की संख्या इस प्रकार है:
- लेवल-1 (PRT): 41,062 अभ्यर्थी
- लेवल-2 (TGT): 1,19,141 अभ्यर्थी
- लेवल-3 (PGT): 73,091 अभ्यर्थी
जानिए परीक्षा का पूरा शेड्यूल
- 4 जुलाई: लेवल-3 (PGT), दोपहर 3:00 बजे से 5:30 बजे तक
- 5 जुलाई: लेवल-2 (TGT), सुबह 10:00 बजे से 12:30 बजे तक
- 5 जुलाई: लेवल-1 (PRT), दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक
कड़ी सुरक्षा के बीच भेजे गए प्रश्न पत्र: परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए बोर्ड मुख्यालय, भिवानी से प्रश्न पत्रों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुलिस और बोर्ड अधिकारियों की निगरानी में सभी जिला मुख्यालयों के लिए रवाना किया गया. परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं.
128 उड़नदस्ते रखेंगे नजर: HTET 2025 में नकल रोकने के लिए 128 उड़नदस्तों का गठन किया गया है. इनमें स्कूल शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव, शिक्षा निदेशक, बोर्ड अध्यक्ष, सचिव, आरएएफ, उपायुक्त, एसडीएम और जिला शिक्षा अधिकारियों के विशेष उड़नदस्ते शामिल हैं. ये टीमें परीक्षा केंद्रों पर लगातार निगरानी रखेंगी और किसी भी गड़बड़ी पर तत्काल कार्रवाई करेंगी.
भिवानी में धारा 163 लागू: भिवानी के जिला मजिस्ट्रेट साहिल गुप्ता ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत आदेश जारी किए हैं. इसके तहत परीक्षा केंद्रों के आसपास आवश्यक प्रतिबंध लागू रहेंगे ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलमुक्त वातावरण में संपन्न हो सके.
अभ्यर्थियों के लिए जरूरी सलाह: बोर्ड ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें और अपने साथ एडमिट कार्ड तथा वैध फोटो पहचान पत्र जरूर लेकर आएं. परीक्षा केंद्र पर निर्धारित ड्रेस कोड और बोर्ड की सभी गाइडलाइन का पालन करना अनिवार्य होगा.

