ETV Bharat / state

एचएसएससी अध्यक्ष ने पुलिस भर्ती पर ऑनलाइन दी जानकारी, 3112 पदों पर 2 फरवरी से करें आवेदन

एचएसएससी अध्यक्ष ने पुलिस व ग्रुप-C भर्ती नियम स्पष्ट किए. अभ्यर्थी 3112 पदों पर 2 फरवरी से आवेदन कर सकते हैं.

HSSC recruitment 2026
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : January 10, 2026 at 9:40 AM IST

6 Min Read
Choose ETV Bharat

पंचकूला: हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने पुलिस विभाग की भर्ती प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थियों द्वारा किए जा रहे विभिन्न सवालों के जवाब दिए. इस दौरान उन्होंने पुरानी विज्ञापन संख्या और नई विज्ञापन संख्या संबंधी जानकारी के अलावा योग्यता, एक बार नौकरी लगने पर 90 दिन के अंदर एकसमान पे-स्केल पर दूसरी जगह नौकरी लगने समेत अन्य पेचिदगियों बारे स्थिति स्पष्ट की.

एचएसएससी अध्यक्ष ने दी जानकारी: हिम्मत सिंह ने बताया कि, "आयोग द्वारा सभी निर्णय विज्ञापन में निर्धारित नियम-शर्तों के अनुरूप लिए गए हैं, जो अभ्यर्थियों पर समान रूप से लागू होंगे. साथ ही महिला आवेदकों की गर्भधारण की स्थिति और एक्स-सर्विसमेन के आवेदनों के समय छूट मिलेगी."

आयु गणना में छूट: आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने बताया कि, "आयु में छूट केवल विज्ञापन संख्या 14/2024 के अभ्यर्थियों (पूर्व सैनिक सहित) के लिए ही मान्य है. इस विज्ञापन के अंतर्गत आयु की गणना एक सितंबर 2024 को आधार मानकर की जाएगी. जबकि नई विज्ञापन संख्या 01/2026 के लिए आयु की गणना एक जनवरी 2026 के अनुसार की जाएगी. नए अभ्यर्थी को आयु संबंधी छूट विज्ञापन में निर्धारित श्रेणी एवं शर्तों के अनुसार ही होगी."

शारीरिक माप की जानकारी: हिम्मत सिंह ने शारीरिक मानकों के संबंध में स्पष्ट किया कि, "महिला अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम ऊंचाई सामान्य वर्ग में 158 सेमी., जबकि आरक्षित वर्ग में 156 सेमी. तय है. महिला अभ्यर्थियों के लिए दौड़ एक किलोमीटर की होगी, जिसे 6 मिनट में पूरा करना अनिवार्य है. वहीं, सामान्य वर्ग में पुरुष अभ्यर्थियों के लिए कद 170 सेमी. और आरक्षित वर्ग में 168 सेमी. निर्धारित है. पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 2.5 किलोमीटर दौड़ को 12 मिनट में पूरा करना होगा. जबकि पूर्व सैनिक (ESM) अभ्यर्थियों के लिए एक किमी. दौड़ को 5 मिनट में पूरा करना अनिवार्य होगा. इसके अलावा सामान्य वर्ग में पुरुष अभ्यर्थियों के लिए छाती 83 सेमी. बिना फुलाए, और 4 सेमी. का फुलाव अनिवार्य है. जबकि आरक्षित वर्ग के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए बिना फुलाए छाती 81 सेमी. और फुलाव के साथ अतिरिक्त 4 सेमी. निर्धारित है."

गर्भवती महिलाओं को छूट: आयोग के अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पीएसटी में दौड़ से छूट केवल गर्भवती महिलाओं को दी जाएगी. लेकिन उनके लिए नियुक्ति से पूर्व शारीरिक मानक परीक्षा उत्तीर्ण करना अनिवार्य होगा. पूर्व सैनिक (ESM), आश्रित पूर्व सैनिक (DESM) एवं डिपेंडेंट एक्स-सर्विसमैन (DDESM) से संबंधित पात्रता बारे बताया कि कोई भी व्यक्ति तभी ESM श्रेणी में आवेदन कर सकता है, जब वह सेना अथवा संबंधित सेवा से आधिकारिक रूप से मुक्ति पत्र ले चुका हो. DESM/DDESM के पात्रता प्रमाण-पत्र 12 जनवरी 2025 के बाद जारी या नवीनीकृत होने चाहिए. यह प्रमाण-पत्र विज्ञापन संख्या 14/2024 एवं 01/2026 दोनों के लिए अंतिम तिथि तक मान्य होंगे. आरक्षण प्रमाण-पत्रों की वैधता को लेकर बीसीए, बीसीबी एवं ईडबल्यूएस श्रेणी के प्रमाण-पत्र एक अप्रैल 2025 से लेकर आवेदन की अंतिम तिथि तक जारी होने चाहिए."

यहां आवेदक ध्यान दें:आयोग के अध्यक्ष ने बताया कि, "पंचायती राज के लिए जारी बीसीए/बीसीबी प्रमाण-पत्र और केंद्र सरकार की नौकरियों के लिए जारी ओबीसी/ईडबल्यूएस प्रमाण-पत्र राज्य की इस भर्ती के लिए मान्य नहीं होंगे. ईडबल्यूएस प्रमाण-पत्र निर्धारित परफॉर्मा में होना आवश्यक है. अनुसूचित जाति (DSC/OSC) के प्रमाण-पत्र 13 नवंबर 2024 के बाद जारी होने चाहिएं, जबकि इससे पूर्व जारी पुराने प्रमाण-पत्र मान्य नहीं होंगे. पुलिस विभाग में दिव्यांग श्रेणी (पीडबल्यूडी) अभ्यर्थियों के लिए कोई पद आरक्षित नहीं हैं. श्रवण बाधित अभ्यर्थियों के मामले में यह अनिवार्य है कि अभ्यर्थी चिकित्सकीय रूप से पूरी तरह फिट हो. एक कान से सुनने वाले अभ्यर्थी पुलिस पदों के लिए पात्र नहीं माने जाएंगे."

सावधानी से भरें आवेदन पत्र:आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने आवेदन पत्र भरने एवं सत्यापन संबंधित दिशा-निर्देशों बारे बताया कि, "अभ्यर्थी साफ हालिया रंगीन फोटो (सफेद पृष्ठभूमि पर, जिसमें नाम एवं तिथि अंकित हो) अपलोड करें. आवेदन पत्र में सही पता भरें, सभी विवरणों का ध्यानपूर्वक सत्यापन कर हस्ताक्षरित आवेदन ही जमा करें. सभी प्रमाण-पत्र विज्ञापन के अनुसार वैध होने चाहिए और आवेदन भरने से पूर्व विज्ञापन को ध्यानपूर्वक पढ़ना अनिवार्य है. आवेदन सीएससी के माध्यम से न भरे जाएं. पीएमटी/पीएसटी एवं लिखित परीक्षा की इनकी तिथियां अलग-अलग जारी की जाएंगी. लिखित परीक्षा का पाठ्यक्रम विज्ञापन के पृष्ठ संख्या 5 पर उपलब्ध है, जबकि लिखित परीक्षा 97 अंकों की होगी, लेकिन एनसीसी के ए,बी व सी प्रमाण-पत्र धारक अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम तीन अतिरिक्त अंक प्रदान किए जाएंगे.

समान पे-स्केल पर कर सकते हैं स्विच: आयोग के अध्यक्ष ने बताया कि, "सीईटी नीति के एक क्लॉज के अनुसार यदि कोई अभ्यर्थी नौकरी ज्वाइन करने के 90 दिनों के अंदर एकसमान पे-स्केल पर कोई अन्य नौकरी पर स्विच करता है, तो 90 दिनों बाद उम्मीदवार को पूर्व के पे-स्केल पर बाहर कर दिया जाएगा. हालांकि, जब तक सीईटी स्कोर मान्य है तो उम्मीदवार अधिक पे-स्केल पर भी ज्वाइन करने योग्य है."

आधिकारिक सूचना पर भरोसा करें: आयोग के अध्यक्ष ने बताया कि पुलिस भर्ती में पदों की संख्या पुलिस विभाग द्वारा निर्धारित की जाती है. उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील में कहा कि वे किन्हीं भी अफवाहों पर ध्यान न देकर केवल आयोग द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें. आयोग भर्ती प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं नियमानुसार पूर्ण करने को प्रतिबद्ध है.

5500 पदों के लिए पुलिस भर्ती: हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने हाल ही में विज्ञापन संख्या 01/2026 जारी करते हुए सीईटी फेज-II के अंतर्गत हरियाणा पुलिस कांस्टेबल पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की है. इस विज्ञापन के माध्यम से पुरुष कांस्टेबल, महिला कांस्टेबल एवं हरियाणा रेलवे पुलिस के पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं. इस भर्ती विज्ञापन के अंतर्गत कुल 5500 पद निर्धारित हैं, जिनमें 4500 पद पुरुष कांस्टेबल, 600 पद महिला कांस्टेबल और 400 पद हरियाणा रेलवे पुलिस के लिए निर्धारित हैं.

3112 पदों के लिए फरवरी से करें आवेदन: एचएसएससी के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से जानकारी देते हुए बताया कि विज्ञापन संख्या 02/2026 के तहत ग्रुप-सी के विभिन्न पदों के लिए विज्ञापन जारी किया गया है. अभ्यर्थी कुल 3112 पदों पर अपना आवेदन 2 फरवरी 2026 से लेकर 15 फरवरी 2026 की रात 11:59 बजे तक कर सकते हैं.

ये भी पढ़ें:CJI बनने के बाद पहली बार पैतृक धरती पर पहुंचे सूर्यकांत, पुरानी यादों को किया ताजा, बोले- "मां कहती थीं जज बनो और दिल से न्याय करो"