ETV Bharat / state

दिल्ली से लेह HRTC बस सेवा शुरू, इन जगहों का कराएगी दीदार, इतना होगा किराया

दिल्ली से जिस्पा के लिए भी एचआरटीसी चला रही वोल्वो बस, एचआरटीसी ने जारी की वोल्वो बस की समय सारणी.

HRTC Delhi to Leh Bus
दिल्ली-लेह बस सेवा शुरू (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : May 27, 2026 at 5:48 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

कुल्लू: हिमाचल पथ परिवहन निगम की सबसे लंबी दूरी की बस सेवा दिल्ली से लेह सड़क मार्ग पर शुरू हो गई है. 26 मई को केलांग से लेह के लिए एचआरटीसी की बस सेवा को रवाना किया गया. पहले दिन इस यात्रा में 15 लोग शामिल रहे. एचआरटीसी प्रबंधन द्वारा सभी यात्रियों का पवित्र कपड़ा खतक पहना कर स्वागत किया गया. अब रोजाना यह बस सेवा दिल्ली से चंडीगढ़, मनाली, केलांग होते हुए लेह पहुंचेगी. वहीं, यह बस एचआरटीसी के लिए भी कमाऊ पूत साबित होती है. यह बस साल में करीब 4 महीने इस सड़क मार्ग पर चलती है और उसके बाद बर्फबारी होने के चलते करीब 8 महीने यह बस सेवा बंद रहती है. ऐसे में दिल्ली-लेह बस सेवा शुरू होने से अब सैलानियों को भी निगम की बस में कम किराए में सफर करने का मौका मिलेगा.

दिल्ली से लेह तक इतना रहेगा किराया

एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक अंशित शर्मा ने पहले दिन एचआरटीसी बस में यात्रा कर करने वाले 15 सैलानियों को लाहौल घाटी की परंपरा यानी खतक पहनाकर सम्मानित किया. अब यह बस सेवा सैलानियों को दिल्ली से लेह तक 990 किलोमीटर का सफर सिर्फ 1839 रुपए के किराए में करवाई. ये दिल्ली-लेह बस पर्यटकों को 16500 फीट ऊंचे बारालाचा दर्रे, 15547 फीट ऊंचे नाकुला दर्रे, 13480 फीट तंगलांग ला और 16616 फीट ऊंचे लाचुंगला दर्रे का दीदार करवाएगी. यहां पर सैलानियों के लिए थोड़ी देर बस को रोका जाता है और सैलानी इन दर्रों पर फोटोग्राफी का मजा ले सकते हैं.

"दिल्ली-लेह रूट पर बस सेवा शुरू हो गई है. देश के सबसे ऊंचाई वाले लंबे रूट में यात्री लेह से दिल्ली लगभग 990 किलोमीटर का सफर मात्र 30 घंटों में और 1839 रुपए में कर सकेंगे." - अंशित शर्मा, क्षेत्रीय प्रबंधक, एचआरटीसी केलांग डिपो

Baralacha Pass
बारालाचा पास (ETV Bharat)

जिस्पा से दिल्ली के लिए शुरू होगी वोल्वो बस सेवा

इसके अलावा हिमाचल पथ परिवहन निगम द्वारा दिल्ली से जिस्पा के लिए वोल्वो बस की सेवा भी शुरू की जा रही है. डीसी लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने बताया कि जिला प्रशासन के निरंतर प्रयासों से जिला के पर्यटकों तथा आम जनता की आरामदायक सुविधाजनक सफर सुविधा को ध्यान में रखते हुए एचआरटीसी द्वारा ये बस सेवा शुरू की जा रही है. डीसी ने बताया कि जिला प्रशासन बीते साल से ही जिले के पर्यटक स्थलों को वोल्वो बस की सुविधा से जोड़ने के लिए प्रयासरत था, ताकि लाहौल घाटी के लोगों, कर्मचारियों तथा पर्यटकों को सीधा और सुविधाजनक परिवहन लाभ हो.

"देश की राजधानी दिल्ली से अब पर्यटक सीधे अटल टनल को निहारते हुए जिले में प्रवेश कर पाएंगे. और प्रसिद्ध पर्यटक स्थल सिस्सू, केलांग होते हुए जिस्पा पहुंच पाएंगे, जबकि पहले पर्यटकों को वोल्वो बस की सुविधा मनाली तक ही उपलब्ध थी." - किरण भड़ाना, डीसी लाहौल-स्पीति

HRTC की दिल्ली से जिस्पा वोल्वो बस सेवा

दिल्ली से जिस्पा बस रूट

(समय सारणी)

जिस्पा से दिल्ली बस रूट

(समय सारणी)

दिल्ली- 8:00 PM जिस्पा- 3:30 PM
चंडीगढ़- 1:20 AMकेलांग- 4:40 PM
मंडी- 4:20 AMमनाली- 8:00 PM
कुल्लू- 6:30 AMकुल्लू- 9:10 PM
मनाली- 8:00 AMमंडी- 11:30 PM
केलांग- 11:00 AMचंडीगढ़- 3:00 AM
जिस्पा- 12:00 PMदिल्ली- 7:00 AM

इस दिन चलेगी बस, ये रहेगा समय

डीसी लाहौल-स्पीति ने बताया कि एचआरटीसी द्वारा 28 मई 2026 को जिस्पा से दिल्ली वोल्वो बस सेवा को शुरू किया जाएगा. बस की समय सारणी के अनुसार बस दिल्ली से रात 8 बजे प्रस्थान करेगी और चंडीगढ़ से रात 1:20 बजे, मंडी से सुबह 4:20 बजे, कुल्लू से सुबह 6:30 बजे, मनाली से सुबह 8 बजे और केलांग से सुबह 11 बजे प्रस्थान करते हुए दोपहर 12 बजे जिस्पा पहुंचेगी. वहीं, वापसी में ये वोल्वो जिस्पा से दोपहर 3:30 बजे प्रस्थान करेगी और केलांग से शाम 4:40 बजे, मनाली से रात 8 बजे, कुल्लू से रात 9:10 बजे, मंडी से रात 11:30 बजे और चंडीगढ़ से सुबह 3 बजे प्रस्थान करते हुए सुबह 7 बजे दिल्ली पहुंचेगी.

"वोल्वो बस सेवा के संचालन से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को भी बेहतर और सुगम यातायात सुविधा प्राप्त होगी. आम जनता एवं पर्यटकों इस सुविधा का लाभ जरूरी उठाएं." - किरण भड़ाना, डीसी लाहौल-स्पीति

ये भी पढ़ें: भीषण गर्मी के बीच सैलानियों को भा रही मनाली की ठंडक, 80% तक बढ़ी होटल ऑक्यूपेंसी दर

ये भी पढ़ें: लाहौल-स्पीति में लैंडस्लाइड से जाहलमा पुल डैमेज, पांगी समेत इन जगहों का कटा संपर्क

ये भी पढ़ें: हिमाचल में कब होगी मानसून की एंट्री ? इस बार कितनी होगी बरसात