अजमेर में पीएम का भाषण और रांची में पॉलिटिक्स: HPV टीकाकरण कार्यक्रम को बीच में छोड़ बाहर निकले स्वास्थ्य मंत्री
रांची सदर अस्पताल में HPV टीकाकरण अभियान राज्यव्यापी कार्यक्रम की शुरुआत की गयी. इस कार्यक्रम में भी सियासत देखने को मिली.

Published : February 28, 2026 at 4:48 PM IST
रिपोर्ट- उपेंद्र कुमार.
रांची: गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) को समाप्त करने के लिए आज शनिवार को राजस्थान के अजमेर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ह्यूमन पेपिलोमावायरस वैक्सीन (HPV) टीकाकरण अभियान की शुरुआत की. झारखंड में यह राज्यव्यापी कार्यक्रम का शुभारंभ रांची सदर अस्पताल के सभागार में आयोजित हुआ. जहां LED स्क्रीन पर अजमेर से पीएम के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण हुआ.
राज्य में इस कार्यक्रम की शुरुआत हेहल की एक 14 वर्षीय बालिका को वैक्सीन देकर शुरुआत हुई. इसके बाद स्वास्थ्य विभाग का यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम हेल्थ सेंट्रिक कम और पॉलिटिकल ज्यादा हो गया. इस बीच जैसे ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सदर अस्पताल के आठवें तल्ले के सभागार के बड़े LED पर प्रसारित होने लगा तो एक बार स्क्रीन का साउंड म्यूट कराया गया. लेकिन रक्षा राज्यमंत्री द्वारा फिर से पीएम का संबोधन को अनम्यूट कराया गया, इससे नाराज होकर स्वास्थ्य मंत्री कार्यक्रम से बाहर निकल गए.
आखिर ऐसा क्या था पीएम मोदी के संबोधन में
अजमेर से राष्ट्रव्यापी HPV टीकाकरण कार्यक्रम की शुभारंभ के बाद एक जनसभा में पीएम मोदी कांग्रेस पर निशाना साधने लगे. उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि लगातार चुनाव हार रही कांग्रेस अपनी हार का बदला विश्व पटल पर भारत को अपमानित कर के ले रही है. पिछले दिनों दिल्ली में हुए AI ग्लोबल सम्मेलन और उसमें यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि अब कांग्रेस अब INC नहीं बल्कि MMC मुस्लिमीलीगी माओवादी कांग्रेस हो गयी है.
स्वास्थ्य के जुड़े कार्यक्रम में ऐसी राजनीति बर्दाश्त नहीं- डॉ. इरफान अंसारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण और कांग्रेस की आलोचनाओं से तिलमिलाए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी कार्यक्रम को बीच में ही छोड़ बाहर निकल गया. बाहर मीडिया के साथ बात करते हुए मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य जैसे गंभीर विषय और राष्ट्रीय कार्यक्रम को भी प्रधानमंत्री एवं भाजपा ने राजनीति का मंच बना दिया. उन्होंने कहा कि मैं अपने मंच का इस्तेमाल अपनी पार्टी को गाली सुनने के लिए नहीं करूंगा.
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा जैसे गंभीर पहल को राजनीति का मंच नहीं बनाया जाना चाहिए. यह मंच पॉलिटिकल मंच नहीं है. मैं इस तरह के कार्यक्रम से आगे परहेज करूंगा. अगर प्रधानमंत्री या भाजपा के नेता इस तरह से सरकारी कार्यक्रमों का इस्तेमाल राजनीति के लिए करेंगे तो यह ठीक नहीं है. हम भारत सरकार की वैक्सीन नहीं लेंगे. स्वास्थ्य पदाधिकारियों के साथ बैठक कर खुद से वैक्सीन खरीदने पर विचार करेंगे.
विश्व के सबसे बड़े नेता का भाषण सुनना ही चाहिए- डॉ. संजय सेठ
इस कार्यक्रम के समापन के बाद रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि राजनीति मत करो भाई, वे लोग टीका को लेकर राजनीति करते रहे हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के नागरिकों किशोरियों को बचाने का काम किया है. पहले यही लोग आलोचना करते थे. देश के प्रधानमंत्री भाषण दे रहे थे उसे दौरान यह सही नहीं रहता कि मैं भाषण देने लगता.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को राजस्थान के अजमेर से 14 वर्ष तक की बालिकाओं के लिए राष्ट्रीय एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ कर रहे थे. झारखंड में रांची सदर अस्पताल से राज्य स्तरीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ अस्पताल के ऑडियो ऑडिटोरियम में किया गया. इस दौरान सलोनी नाम की किशोरी को वैक्सिन लगाकर इस अभियान की शुरुआत की गई.
राज्य में 14 वर्ष से 15 वर्ष के बीच की करीब 04 लाख किशोरी को दिया जाएगा HPV टीका
रांची सिविल सर्जन ने कहा कि महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए देशभर के 14 से 15 वर्ष के बीच के उम्र के देशभर के 1.5 करोड़ किशोरियों को निशुल्क HPV वैक्सीन दिया जाएगा. झारखंड में यह संख्या करीब 04 लाख होगी.

आखिर क्यों गुस्सा स्वास्थ्य मंत्री!
सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध राष्ट्रीय कार्यक्रम के राज्यस्तरीय टीकाकरण का शुभारंभ के दौरान मंच पर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर इरफान अंसारी और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ बैठे थे. स्वास्थ्य मंत्री कार्यक्रम के दौरान अपना भाषण समाप्त किया, इसके बाद रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ को संबोधित करना था. जब उनसे आग्रह किया गया तो उन्होंने राजस्थान में चल रहे प्रधानमंत्री के भाषणों का जिक्र करते हुए पहले उसे सुन लेने की बात कही.
इस बीच जैसे ही बैकग्राउंड में प्रधानमंत्री मोदी के उद्बोधन के आवाज को तेज किया गया, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंच से नई दिल्ली में आयोजित हालिया एआई समिट में युवा कांग्रेस के विरोध की आलोचना कर रहे थे. प्रधानमंत्री अपने भाषण के दौरान कहा कि यह इंडियन नेशनल कांग्रेस (आइएनसी) अब मुस्लिमलीगी माओवादी बन गई है. वह हर जगह हार रही है तो ऐसे में उसके नेता भारत को वैश्विक स्तर पर बदनाम करने में जुटे हैं.
उनका इतना कहते ही स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी असहज होने लगे. उन्होंने अपने अधिकारियों को बोलकर प्रधानमंत्री के भाषण को म्यूट कराया और सांसद संजय सेठ को अपना उद्बोधन पेश करने का आग्रह किया. इस दौरान थोड़ी देर के लिए अलग दृश्य सामने आए. रक्षा राज्य मंत्री ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर दोबारा माइक की आवाज तेज करा दी. ऐसा करते ही स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी कार्यक्रम का एक तरह से बहिष्कार करते हुए मंच से उठकर चले गए.
इसे भी पढ़ें- बेटियों को कैंसर से बचाने के लिए देशभर में शुरू होगा मुफ्त HPV टीकाकरण, जानें कहां और कैसे लगवाएं वैक्सीन
इसे भी पढ़ें- भारत ने बना ली स्वदेशी कैंसर वैक्सीन, 2026 तक मरीजों के लिए कराई जा सकती है उपलब्ध
इसे भी पढ़ें- शीतकालीन सत्र के आखिरी दिन केंद्र पर जमकर बरसे सीएम सोरेन, कहा- देश झेल रहा कोविड वैक्सीन का दंश

