बिहार की बेटियों को अब फ्री में लगेगा सर्वाइकल कैंसर का टीका, HPV वैक्सीनेशन कैंपेन लॉन्च
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा बिहार हमेशा देश को दिशा देने का काम किया. 13 लाख एचपीवी टीकाकरण का लक्ष्य है. पढ़ें खबर


Published : February 28, 2026 at 8:20 PM IST
पटना : देश की बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित रखने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के अजमेर से एचपीवी टीकाकरण अभियान का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल इलाज तक सीमित नहीं है, बल्कि बीमारियों से बचाव को प्राथमिकता देना है.
एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत 14 वर्ष आयु वर्ग की लड़कियों को मुफ्त टीका लगाया जाएगा, जिससे भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के मामलों को काफी हद तक रोका जा सकेगा. यह अभियान सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा. बिहार के पटना में आईजीआईएमएस परिसर में स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय की मौजूदगी में लोग लाइव कार्यक्रम से जुड़े रहे और यहां टीकाकरण के नए चरण की शुरुआत हुई.
'बिहार के लिए गर्व का विषय' : स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि बिहार के लिए यह गर्व का विषय है कि राज्य ने देश में सबसे पहले एचपीवी टीकाकरण की शुरुआत की थी. उन्होंने बताया कि लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों के लिए यह कार्यक्रम शुरू किया गया था.
''उस समय दो डोज प्रणाली के अंतर्गत टीकाकरण किया गया और अब तक राज्य में 6 लाख 79 हजार से अधिक किशोरियों को प्रथम डोज तथा 85 हजार से अधिक को द्वितीय डोज दिया जा चुका है. शेष पात्र किशोरियों को निर्धारित समय पूरा होने पर दूसरी खुराक दी जाएगी.''- मंगल पांडेय, स्वास्थ्य मंत्री, बिहार
" रोकथाम ही सर्वोत्तम उपचार" का राष्ट्रीय संकल्प: hpv टीकाकरण अभियान का ऐतिहासिक शुभारंभ
— Mangal Pandey (@mangalpandeybjp) February 28, 2026
आज पटना स्थित igims में सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध राष्ट्रीय hpv टीकाकरण अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में सम्मिलित हुआ।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी… pic.twitter.com/PxsA2xZUnx
राज्य को अब मुफ्त मिलेगी एचपीवी वैक्सीन : मंगल पांडेय ने बताया कि अब बिहार की यह योजना केंद्र सरकार के राष्ट्रीय कार्यक्रम के साथ समाहित कर दी गई है. इससे राज्य को अब एचपीवी वैक्सीन केंद्र सरकार की ओर से मुफ्त उपलब्ध होगी और पहले जिस खर्च का भार राज्य सरकार को उठाना पड़ता था, वह अब नहीं करना पड़ेगा.
''सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में स्तन कैंसर के बाद दूसरा सबसे आम कैंसर है और इस बीमारी से हर वर्ष हजारों महिलाओं की जान जाती है. ऐसे में यह टीकाकरण अभियान भविष्य की पीढ़ी को एक गंभीर बीमारी से बचाने में अहम भूमिका निभाएगा.''- मंगल पांडेय, स्वास्थ्य मंत्री, बिहार

3 महीने में 13 लाख टीकाकरण का लक्ष्य : स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने यह संकल्प लिया है कि आने वाले समय में बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित किया जाएगा और इससे होने वाली मौतों को रोका जाएगा. बिहार को इस वर्ष 09 से 14 वर्ष आयु वर्ग की 13 लाख किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य मिला है.
''यह सुविधा राज्य के सभी जिलों और प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि किसी भी पात्र किशोरी को टीकाकरण से वंचित न रहना पड़े. केंद्र सरकार की ओर से 6 लाख से अधिक तक के डोज राज्य को अभी के समय उपलब्ध हो गए हैं.''- मंगल पांडेय, स्वास्थ्य मंत्री, बिहार

स्वस्थ बेटी सुरक्षित बिहार : मंगल पांडेय ने ''स्वस्थ बेटी, सुरक्षित बिहार, सशक्त होगा हमारा संसार'' के नारे के साथ इस अभियान को आगे बढ़ाने का आह्वान किया. साथ ही राज्य स्वास्थ्य समिति, जिला स्वास्थ्य अधिकारियों और सभी स्वास्थ्यकर्मियों से लक्ष्य प्राप्ति के लिए समन्वित प्रयास करने की अपील की.
स्वास्थ्य मंत्री ने विश्वास जताया कि बिहार निर्धारित 13 लाख टीकाकरण लक्ष्य को समयबद्ध रूप से पूरा करेगा और स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम करेगा. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर शुरू हुए इस अभियान से आने वाले वर्षों में सर्वाइकल कैंसर के मामलों में उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है और देश की बेटियां अधिक सुरक्षित जीवन जी सकेंगी.
ये भी पढ़ें :-

