HPU में सहायक प्रोफेसर का प्रमाण पत्र निकला फर्जी, मामला दर्ज
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में एक सहायक प्रोफेसर का सर्टिफिकेट जांच में फर्जी पाया गया.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 16, 2026 at 3:51 PM IST
|Updated : February 16, 2026 at 4:19 PM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश की सबसे बड़ी उच्च शिक्षण संस्था हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) में नियुक्त एक सहायक प्रोफेसर विजय सिंह के शैक्षणिक प्रमाणपत्र फर्जी पाए जाने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया है. यह मामला तब सामने आया जब विश्वविद्यालय प्रशासन ने नियुक्ति के दौरान जमा किए गए दस्तावेजों की नियमित जांच करवाई.
पुलिस थाना बालूगंज में विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार ज्ञान सिंह सागर की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई. शिकायत में कहा गया है कि लोक प्रशासन विभाग में कार्यरत एक सहायक प्रोफेसर को 28 सितंबर 2024 को जारी नियुक्ति पत्र के आधार पर पद पर नियुक्त किया गया था. नियुक्ति के समय संबंधित व्यक्ति ने अपने शैक्षणिक दस्तावेज विश्वविद्यालय को जमा कराए थे. इनमें स्कूल शिक्षा बोर्ड से संबंधित प्रमाणपत्र भी शामिल थे.
विश्वविद्यालय प्रशासन ने 18 फरवरी 2025 को नियुक्ति प्रक्रिया के तहत जमा किए गए दस्तावेजों का सत्यापन संबंधित स्कूल शिक्षा बोर्ड से करवाया. सत्यापन के दौरान पता चला कि सहायक प्रोफेसर द्वारा प्रस्तुत स्कूल स्तर के प्रमाणपत्र फर्जी हैं और बोर्ड के रिकॉर्ड में ऐसे प्रमाणपत्रों का कोई उल्लेख नहीं है. इसके बाद विश्वविद्यालय ने पूरे मामले की जांच कर प्रारंभिक तथ्य जुटाए और शिकायत पुलिस को भेजी.
पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार दस्तावेजों की सत्यता, नियुक्ति प्रक्रिया के दौरान अपनाई गई प्रक्रिया और अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच की जा रही है. जांच में यह भी देखा जाएगा कि फर्जी प्रमाणपत्र किस स्तर पर तैयार किए गए और क्या इसमें किसी अन्य व्यक्ति या एजेंसी की भी भूमिका रही है.
एसपी गौरव सिंह ने बताया, 'शिमला पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 336(2), 336(3) और 340(2) के तहत एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है'.
ये भी पढ़ें: हिमाचल के मेडिकल कॉलेज और सुपर स्पेशियलिटी संस्थान मॉडर्न टेक्नोलॉजी से होंगे लैस, ₹1617 करोड़ स्वीकृत

