ETV Bharat / state

नए साल में पूरी होगी नौकरी की आस! HPRCA को नई भर्ती एजेंसी मिलने के बाद परीक्षाओं का दौर शुरू, 2026 में टीजीटी की वेकेंसी

अगले साल यानी 2026 में जेबीटी भर्ती का कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट पूरा किया जाएगा.

Himachal Pradesh Rajya Chayan Aayog new recruitment agency
हिमाचल में सरकारी नौकरी भर्ती (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : December 30, 2025 at 1:14 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

हमीरपुर: वर्ष 2025 जाते-जाते हिमाचल प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए राहत भरी खबर लेकर आया है. लंबे इंतजार के बाद हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने एक बार फिर भर्ती प्रक्रिया को रफ्तार दे दी है. बीते करीब दो से ढाई वर्षों तक पेपर लीक प्रकरण के कारण प्रदेश में नई भर्तियों की प्रक्रिया लगभग ठप रही, जिससे हजारों अभ्यर्थियों को निराशा का सामना करना पड़ा.

हमीरपुर में पेपर लीक मामले के खुलासे के बाद आयोग से भंग

वर्ष 2022 के दिसंबर माह में हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग, हमीरपुर में पेपर लीक मामले के खुलासे के बाद आयोग को भंग कर दिया गया था और कई भर्तियां जांच प्रक्रिया में उलझकर रह गई थीं. नए सिरे से गठित हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग, हमीरपुर ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारू बनाने के उद्देश्य से आउटसोर्सिंग माध्यम से परीक्षाएं आयोजित करने का निर्णय लिया. इसी क्रम में ऑपरेशन थियेटर असिस्टेंट की भर्ती परीक्षा एडसिल एजेंसी के माध्यम से करवाई गई. हालांकि यह पायलट भर्ती रही, लेकिन इसका परिणाम घोषित होने में काफी देरी हुई. एजेंसी को समय पर भुगतान न होने के कारण भर्ती प्रक्रिया अपेक्षित गति नहीं पकड़ सकी.

इसके बाद प्रदेश सरकार के निर्देशों पर आयोग ने सीडैक को आउटसोर्स भर्ती एजेंसी बनाने के लिए कॉरेस्पॉन्डेंस शुरू किया. काफी समय तक बातचीत चली, लेकिन एमओयू स्तर तक पहुंचने के बावजूद यह योजना साकार नहीं हो सकी. लगभग छह माह से अधिक समय तक यह प्रक्रिया पत्राचार में ही अटकी रही, जिससे भर्तियों पर फिर से ब्रेक लग गया.

टीजीटी और जेबीटी भर्ती प्रक्रिया शुरू

आखिरकार प्रदेश सरकार ने टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज लिमिटेड (टीसीएस) को आउटसोर्स भर्ती एजेंसी के रूप में फाइनल किया. टीसीएस के चयन के बाद अब भर्ती प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाया जा रहा है. टीजीटी (ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर) और जेबीटी (जूनियर बेसिक टीचर) जैसी बड़ी और बहुप्रतीक्षित भर्तियों की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. इसके साथ ही विभिन्न विभागों के अंतर्गत सैकड़ों पोस्ट कोड भी विज्ञापित किए गए हैं, जिनके लिए कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) आयोजित किए जा रहे हैं.

2026 में जेबीटी भर्ती का कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट

आयोग के अनुसार आगामी वर्ष में जेबीटी भर्ती का कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट पूरा किया जाएगा. इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता भी सुनिश्चित होगी. माना जा रहा है कि वर्ष 2026 में भर्ती प्रक्रिया और अधिक तेजी पकड़ेगी, जिससे प्रदेश के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे. हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग, हमीरपुर के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि विभिन्न पोस्ट कोड के तहत सीबीटी प्रक्रिया निरंतर जारी है. भर्ती प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि सभी परीक्षाएं समयबद्ध और निष्पक्ष रूप से संपन्न करवाई जा सके.

ये भी पढ़ें: हिमाचल में ई-टैक्सियों में बदलेंगी एक हजार डीजल गाड़ियां, सरकार देगी इतने फीसदी सब्सिडी

ये भी पढ़ें: अब कुल्लू के बागानों में उगेंगे बेल्जियम के सेब, विदेशी वैरायटी से बढ़ेगी बागवानों की आमदनी