HPRCA ने साइंटिफिक असिस्टेंट और लैब असिस्टेंट परीक्षा का किया रिजल्ट जारी, 13 मई से डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन
एचपीआरसीए ने चयनित उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के दौरान सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां और उनकी फोटो कॉपी लाने को कहा है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : May 2, 2026 at 9:37 PM IST
हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने विभिन्न तकनीकी पदों के लिए आयोजित कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट के परिणाम घोषित कर दिए हैं. आयोग ने साइंटिफिक असिस्टेंट और लैब असिस्टेंट परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है. उम्मीदवार अपने परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट hprca.hp.gov.in पर जाकर देख सकते हैं.
एचपीआरसीए के आधिकारिक वेबसाइट पर साइंटिफिक असिस्टेंट (कैमिस्ट्री एंड टॉक्सीकोलॉजी) पोस्ट कोड-25015, साइंटिफिक असिस्टेंट (डॉक्यूमेंट एंड फोटोग्राफी) पोस्ट कोड-25016, लैब असिस्टेंट (कैमिस्ट्री एंड टॉक्सीकोलॉजी) पोस्ट कोड-25017 और लैब असिस्टेंट (डॉक्यूमेंट एंड फोटोग्राफी) पोस्ट कोड-25019 के पदों के लिए आयोजित परीक्षाओं के नतीजे उपलब्ध हैं. आयोग ने स्पष्ट किया है कि केवल वे अभ्यर्थी, जिन्होंने लिखित परीक्षा में निर्धारित मानदंडों को पूरा किया है, उन्हें आगे की प्रक्रिया के लिए चयनित किया गया है.
हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया, 'इन परीक्षाओं में सफल उम्मीदवारों की डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन प्रक्रिया 13 मई 2026 से सुबह 10 बजे आयोग के परिसर में शुरू होगी. इसका विस्तृत शेड्यूल आयोग की वेबसाइट पर अलग से अपलोड किया जाएगा. साथ ही उम्मीदवारों को उनकी पंजीकृत ईमेल आईडी पर भी सूचना भेजी जाएगी'.
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी उम्मीदवार को अलग से कॉल लेटर या डाक के माध्यम से सूचना नहीं भेजी जाएगी. डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के दौरान उम्मीदवारों को अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां, उनकी फोटो कॉपी के दो-दो सेट और वैध पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा. इनमें शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, श्रेणी प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), आयु प्रमाण पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज शामिल हैं.
आयोग ने अभ्यर्थियों को चेतावनी दी है कि यदि कोई उम्मीदवार निर्धारित तिथि और समय पर डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए उपस्थित नहीं होता है, तो उसे कोई दूसरा अवसर प्रदान नहीं किया जाएगा. इसलिए सभी चयनित उम्मीदवारों को समय पर उपस्थित रहने की सलाह दी गई है. इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से विभिन्न विभागों में वैज्ञानिक और प्रयोगशाला सहायकों के पद भरे जाएंगे, जिससे तकनीकी कार्यों को मजबूती मिलेगी और विभागों की कार्यक्षमता में भी सुधार होगा.
ये भी पढ़ें: हिमाचल बोर्ड 4 मई को घोषित करेगा 12वीं का रिजल्ट, यहां ऑनलाइन देख सकेंगे परिणाम

