ETV Bharat / state

ऑपरेशन थिएटर असिस्टेंट भर्ती परीक्षा परिणाम घोषित, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए 160 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट

अभ्यर्थी अपना परीक्षा परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट hprca.hp.gov.in पर देख सकते हैं.

हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग
हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : September 2, 2026 at 3:17 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने स्वास्थ्य विभाग और मेडिकल शिक्षा विभाग में ऑपरेशन थिएटर असिस्टेंट (जॉब ट्रेनी) के 236 पदों को पोस्ट कोड-26008 के तहत भरने के लिए आयोजित कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट (सीबीटी) का परिणाम घोषित कर दिया है. परीक्षा परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट hprca.hp.gov.in पर उपलब्ध करवा दिया गया है. अभ्यर्थी वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम और आगामी चयन प्रक्रिया से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.

आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया, "ऑपरेशन थिएटर असिस्टेंट (जॉब ट्रेनी) के 236 पदों को भरने के लिए कुल 202 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था. इनमें से 184 उम्मीदवारों ने कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट में भाग लिया. परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर 160 उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है. शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन 14 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे से हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग, हमीरपुर के परिसर में शुरू होगा. दस्तावेज सत्यापन का विस्तृत शेड्यूल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा".

इसके अलावा उम्मीदवारों को उनके द्वारा आवेदन के दौरान उपलब्ध करवाई गई ईमेल आईडी के माध्यम से भी सूचना दी जाएगी. आयोग ने स्पष्ट किया है कि डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए अभ्यर्थियों को अलग से कोई बुलावा पत्र डाक के माध्यम से नहीं भेजा जाएगा. ऐसे में सभी शॉर्टलिस्ट उम्मीदवारों को आयोग की वेबसाइट और अपनी ईमेल आईडी नियमित रूप से चेक करने की सलाह दी गई है, ताकि सत्यापन से संबंधित किसी भी महत्वपूर्ण सूचना से वे वंचित न रहें.

डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के दौरान उम्मीदवारों को अपने साथ सभी आवश्यक पात्रता एवं संबंधित दस्तावेजों की मूल प्रतियां लेकर आना होगा. इसके साथ ही सभी दस्तावेजों की सेल्फ अटेस्टेड फोटो प्रतियों के दो-दो सेट, डाउनलोड की गई आवेदन पत्र की कॉपी और वैध आईडी प्रूफ भी साथ लाना अनिवार्य होगा. आयोग द्वारा दस्तावेजों के आधार पर उम्मीदवारों की पात्रता की जांच की जाएगी.

सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने कहा कि निर्धारित तिथि को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए उपस्थित नहीं होने वाले उम्मीदवार को बाद में कोई दूसरा अवसर नहीं दिया जाएगा. ऐसे अभ्यर्थी को आगे की चयन प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा. उन्होंने उम्मीदवारों से अपील की कि वे निर्धारित तिथि से पहले अपने सभी मूल दस्तावेजों और उनकी आवश्यक प्रतियां तैयार रखें और आयोग की वेबसाइट पर जारी होने वाले दस्तावेज सत्यापन शेड्यूल को ध्यानपूर्वक देखें.

इस भर्ती प्रक्रिया में 236 पदों के लिए 202 आवेदन प्राप्त हुए, 184 अभ्यर्थियों ने सीबीटी परीक्षा दी और 160 अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है. अब इन उम्मीदवारों के दस्तावेजों के सत्यापन के बाद भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.

ये भी पढ़ें: बच्चों का नाम कटवाने स्कूल पहुंचे अभिभावक, 3 छात्रों ने छोड़ा विद्यालय, मिड डे मील मामले में स्टाफ पर गिरी गाज!