लोकसेवा आयोग के चेयरपर्सन व मेंबर को अब मिलेगी इतनी पेंशन, रेगुलेशन में संशोधन की अधिसूचना जारी
हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के चेयरपर्सन व मेंबर्स की पेंशन में बढ़ोतरी की गई है. इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : January 2, 2026 at 6:18 PM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के चेयरपर्सन व मेंबर्स को अब क्रमश: 48 हजार व 45 हजार रुपए पेंशन मिलेगी. यही नहीं, चेयरपर्सन व मेंबर्स को बेसिक पेंशन पर छह फीसदी सालाना बढ़ौतरी भी होगी. इस बारे में रेगुलेशन में संशोधन को लेकर अधिसूचना जारी कर दी गई है.
पहले नाममात्र मिलती थी पेंशन
उल्लेखनीय है कि पहले लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष व सदस्यों को नाममात्र पेंशन ही मिलती थी. पहले ये रकम क्रमश: 1800 रुपए व 1500 रुपए हुआ करती थी. फिर लोक सेवा आयोग के चेयरपर्सन रहे केएस तोमर ने मामूली पेंशन को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी. फिलहाल, अब राज्य सरकार ने पेंशन रेगुलेशन में संशोधन कर दिया है. इस बारे में मुख्य सचिव की तरफ से अधिसूचना जारी कर दी गई है.

1974 के रेगुलेशन्स में किया गया संशोधन
मुख्य सचिव की तरफ से जारी अधिसूचना के अनुसार हिमाचल प्रदेश पब्लिक सर्विस कमीशन (मेंबर्स) रेगुलेशन्स, 1974 में संशोधन किया गया है. अब इसका नाम हिमाचल प्रदेश पब्लिक सर्विस कमीशन (मेंबर्स) अमेंडमेंट रेगुलेशन्स, 2026 होगा. रेगुलेशन्स 11-ए में संशोधन किया गया है. इससे पहले 11-ए के अनुसार राज्य लोक सेवा आयोग के चेयरपर्सन को 8,000 रुपए व मेंबर्स को 7,500 रुपए मासिक पेंशन मिलती थी. अब संशोधन के बाद ये पेंशन क्रमश: 48,000 व 45,000 रुपए मासिक होगी.
300 रुपए से 48 हजार तक पहुंची पेंशन
उल्लेखनीय है कि पूर्व चेयरपर्सन केएस तोमर ने जिस समय याचिका दाखिल की थी, तब चेयरपर्सन को 1800 रुपए मासिक व मेंबर्स को 1500 रुपए मासिक पेंशन मिलती थी. याचिका पर हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को नोटिस जारी किया था. वर्ष 1974 में आयोग के चेयरपर्सन को 300 रुपए मासिक पेंशन निर्धारित की गई थी. सदस्यों के लिए ये पेंशन 250 रुपए मासिक थी. फिलहाल, मौजूदा समय में ये पेंशन क्रमश: 8000 व 7500 रुपए मासिक थी. अब संशोधन के बाद ये एक सम्मानजनक रकम हो गई है.
मौजूदा समय में भारतीय सेना से कैप्टन व हिमाचल पुलिस से आईजी के पद से सेवानिवृत कैप्टन रामेश्वर सिंह ठाकुर लोक सेवा आयोग के चेयरपर्सन हैं. यहां उल्लेखनीय है कि इस बार आयोग ने एक ही साल के भीतर हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवाएं परीक्षा आयोजित करने के साथ ही उसका परिणाम भी सेम इयर यानी परीक्षा आयोजित करने वाले साल 2025 में ही निकाल दिया था. कैप्टन रामेश्वर सिंह ठाकुर के कार्यकाल में आयोग ने कई नए स्टेप उठाएं हैं, जिससे आयोग के कामकाज में पारदर्शिता बढ़ी है.
ये भी पढ़ें: रिज और लिफ्ट पार्किंग पर फूड स्टॉल लगाने का मामला, HC ने शिमला MC को शपथ पत्र देने को कहा

