ETV Bharat / state

हिमाचल में PMGSY-Ⅳ के अगले चरण में बनेगी इतने सौ किलोमीटर सड़कें, केंद्र को सौंपा प्रस्ताव

विक्रमादित्य सिंह ने हिमाचल में PMGSY‑IV के तहत प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों की रिपोर्ट केंद्रीय मंत्री शिवराज चौहान को दी.

Vikramaditya Singh Meet Shivraj Chauhan
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिले PWD मंत्री विक्रमादित्य सिंह (@VikramadityaSingh)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : February 21, 2026 at 1:18 PM IST

|

Updated : February 21, 2026 at 3:06 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: हिमाचल में सड़क ही विकास की जीवनरेखा है. दुर्गम ऊंचे पहाड़ और दूर-दराज बसे गांव इन सबके बीच मजबूत सड़क नेटवर्क ही शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को गति देता है. इसी दिशा में प्रदेश सरकार ने एक बड़ा कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY-Ⅳ) के अगले चरण के तहत 1200 किलोमीटर अतिरिक्त सड़कों के निर्माण का महत्वाकांक्षी प्रस्ताव केंद्र सरकार को सौंप दिया है. यह प्रस्ताव प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह द्वारा केंद्र सरकार को प्रस्तुत किया गया.

हिमाचल प्रदेश सरकार में लोक निर्माण विभाग के मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शनिवार को नई दिल्ली में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की. इस दौरान विक्रमादित्य सिंह ने केंद्रीय मंत्री को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण के तहत राज्य में चल रहे कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत की. बैठक में विक्रमादित्य सिंह ने शिमला ज़िले के दुर्गम क्षेत्र डोडरा क्वार की लंबित सड़क परियोजनाओं का विषय भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखा. साथ ही डोडरा क्वार तक सड़क निर्माण के लिए अतिरिक्त वित्तीय सहयोग तथा तकनीकी सहायता देने की मांग रखी.

डोडरा क्वार सड़क परियोजनाओं और PMGSY‑IV पर चर्चा

बैठक के दौरान विक्रमादित्य सिंह ने हिमाचल प्रदेश में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण के तहत प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों की रिपोर्ट केंद्रीय मंत्री शिवराज चौहान को दी. विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि, "PMGSY फेस 4 के पहले चरण में लगभग 1,500 किलोमीटर ग्रामीण सड़क परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है. 2 हजार 300 करोड़ की लागत से इन सड़कों का निर्माण किया जा रहा है. साथ ही लोक निर्माण मंत्री ने पीएमजीएसवाई‑IV के दूसरे चरण में लगभग 1,200 किलोमीटर अतिरिक्त सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव भी केंद्र सरकार के समक्ष रखा. फिलहाल इन सड़कों के निर्माण के लिए विभाग डीपीआर तैयार कर रहा है और लोक निर्माण मंत्री ने स्वीकृति की अपेक्षा जताई है."

विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि, केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश की आवश्यकताओं को समझते हुए सहयोग का आश्वासन दिया गया है. केंद्रीय मंत्री ने डोडरा क्वार के लंबित पैकेजों, पीएमजीएसवाई‑I के कार्यों के लिए आवश्यक सहायता को वित्त मंत्रालय सहित संबंधित स्तरों पर प्राथमिकता से उठाने का आश्वासन दिया है.

गिफ्ट डीड दे कर विभाग को सहयोग देने की अपील

हिमाचल प्रदेश सरकार में लोक निर्माण विभाग के मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने एक बार फिर गिफ्ट डीड उपलब्ध करवाने की अपील की है. उन्होंने जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों और भूमि‑स्वामियों से अपील की कि अधिक संख्या में गिफ्ट डीड उपलब्ध करवाकर विभाग को सहयोग दें. उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के लिए आवश्यक भूमि समय पर उपलब्ध करवाएं ताकि राज्य के पंचमी क्षेत्र को भी सड़क नेटवर्क से जोड़ा जा सके.

इस सड़क के लिए मांगी विशेष छूट

लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बैठक में विशेष रूप से शिमला जिले के अत्यंत दुर्गम और ऊंचाई वाले क्षेत्र डोडरा क्वार की सड़क परियोजनाओं का विषय प्रमुखता से उठाया. उन्होंने अवगत कराया कि पीएमजीएसवाई चरण-Ⅰ के अंतर्गत स्वीकृत डोडरा क्वार क्षेत्र की सड़क का कुछ भाग कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, दुर्गम भू-सतह, अत्यंत प्रतिकूल मौसम तथा सीमित कार्य अवधि के कारण अभी तक पूरा नहीं हो सका है. यह मार्ग स्थानीय ग्रामीणों, सीमावर्ती क्षेत्रों में आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य आपातकालीन सेवाओं और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील है.

ये भी पढ़ें: आर्थिक संकट पर गरमाई सियासत, अनुराग बोले- अपनी नाकामियां छिपाने के लिए केंद्र को कोस रही सुक्खू सरकार

ये भी पढ़ें: 'हिमाचल आने वाले मेहमानों की जेब पर डाका डाल रही सरकार, टोल दरों में वृद्धि को जल्द ले वापस'

Last Updated : February 21, 2026 at 3:06 PM IST