हिमाचल में जल्द होगा कांग्रेस कार्यकारिणी का गठन, दिल्ली से मंजूरी का है इंतजार
जिला और ब्लॉक स्तर पर कार्यकारिणी के गठन को लेकर दिल्ली में कांग्रेस आलाकमान ने बुलाई है बैठक.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 7, 2026 at 2:39 PM IST
|Updated : February 7, 2026 at 2:50 PM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस संगठन में जल्द ही नई कार्यकारिणी का गठन होने जा रहा है. कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार ने शिमला में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि प्रदेश स्तर पर तैयार की गई सूची को लेकर मंथन पूरा हो चुका है, लेकिन औपचारिक घोषणा से पहले दिल्ली से अंतिम मंजूरी का इंतजार किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व की हरी झंडी मिलते ही संगठनात्मक नियुक्तियों की घोषणा कर दी जाएगी.
इस दिन होगी दिल्ली में बैठक
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार ने बताया कि जिला और ब्लॉक स्तर पर भी कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा. इसको लेकर जैसे ही नाम तय होते हैं, वैसे ही इस सूची को हाईकमान को सौंपा जाएगा. उन्होंने कहा कि 10 फरवरी को दिल्ली में कांग्रेस आलाकमान ने बैठक बुलाई है. जिसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार सहित मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल और सभी जिला अध्यक्ष उस बैठक में शामिल होंगे.
मंत्री गोमा के पक्ष में उतरे विनय कुमार
हिमाचल सरकार में आयुष एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा की ओर से डीसी मंडी को के खिलाफ लाए गए प्रिविलेज का कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार ने समर्थन किया है. उन्होंने कहा कि कैबिनेट मंत्री यादविंद्र गोमा की ओर से जो प्रिविलेज लाया गया वह बिल्कुल सही है. प्रोटोकॉल के मुताबिक डीसी मंडी को आना चाहिए था, अगर वो नहीं आ सकते थे तो उन्हें इसकी जानकारी उन्हें देनी चाहिए थी. ऐसे में मंत्री की ओर से जो प्रिविलेज लाया गया है. वह उनका विशेषाधिकार है. विधानसभा का कोई भी सदस्य प्रिविलेज ला सकता है.
RDG को लेकर विधायक दल की बैठक
वहीं कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि रेवेन्यू डेफिसिट ग्रांट (RDG) बंद करने को लेकर कल सभी दलों की बैठक बुलाई गई हैं. जिसमें RDG बंद किए जाने को लेकर चर्चा की जाएगी. उन्होंने कहा कि विधायक निधि की पिछली दो किश्तें नहीं मिली है. इस मुद्दे को प्रदेश सरकार के सामने प्रमुखता से रखा गया है, ताकि विकास के काम सुचारू रूप से जारी रहें. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की आर्थिक स्थिति आगे ठीक होती है तो विधायक निधि मिलने की उन्हें पूरी उम्मीद है.

