2027 से पहले कांग्रेस के लिए अच्छे संकेत, 25 शहरी निकायों में हुई कांग्रेस की जीत: CM सुक्खू
राहुल गांधी पर FIR मामले में CM सुक्खू ने कहा कि, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सच बोल रहे हैं जिससे भाजपा को तकलीफ हो रही.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : May 22, 2026 at 1:32 PM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है. शिमला में मुख्यमंत्री ने नगर निकाय नतीजों को लेकर भाजपा को घेरा. इस दौरान मुख्यमंत्री ने दावा किया कि 25 नगर पंचायत और नगर परिषदों में स्पष्ट रूप से कांग्रेस की जीत हुई है. इसके अलावा राहुल गांधी पर FIR मामले में मुख्यमंत्री ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सच बोल रहे हैं, जिससे भाजपा को तकलीफ हो रही है.
'2027 विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के लिए अच्छे संकेत'
सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य में 25 नगर पंचायत और परिषदों को गिनवाते हुए कहा, "इन पर कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत हुई है. आखिर जनता भाजपा को क्यों वोट देगी. भाजपा ने प्रदेश के हित में कुछ नहीं किया. भाजपा केंद्र सरकार से प्रदेश के निराश्रितों को एक बीघा जमीन नहीं दिलवा पाई. हमारी सरकार प्रदेश में हर वर्ग की हित के लिए काम कर रही है. चुनाव पार्टी चुनाव चिन्ह पर नहीं हुए हैं. साल 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले ये कांग्रेस के लिए अच्छे संकेत हैं."
'कमर्शियल सिलेंडर पर की हजार रुपए की वृद्धि से छोटे ढाबा चालक परेशान'
वहीं, पेट्रोल डीजल के बढ़ते दामों को लेकर भी CM सुक्खू ने भाजपा पर निशाना साधा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि, भाजपा एक झूठी पार्टी है. राज्य सरकार ने विधवा और अनाथ बच्चों के हित में सेस लगाने को लेकर केवल संशोधन लाया था मगर कोई सेस नहीं लगाया. इसके बावजूद भाजपा ने उसे गलत तरीके से प्रसारित किया. अब भाजपा की सरकार ने पेट्रोल के दामों को बढ़ा दिया है. इससे महंगाई की मार पड़ेगी. इसके अलावा कमर्शियल सिलेंडर का दाम भी 1000 रुपए बढ़ा दिया गया. जिससे छोटे ढाबे चालकों और चाय बेचने वालों को महंगाई की मार झेलनी पड़ेगी.
'सच बोल रहे राहुल गांधी भाजपा को हो रही तकलीफ़'
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ फिर FIR दर्ज होने पर CM सुखविंदर सिंह ने कहा कि, "राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष हैं और वह सच बोल रहे हैं. सच्चाई बोलने से से तकलीफ होती है. ऐसे में राहुल गांधी जनता के बीच सच बोल रहे हैं जिससे भाजपा को तकलीफ हो रही है."
कांग्रेस पार्टी के दो प्रधानमंत्री ने देश के लिए दी कुर्बानी
सीएम सुक्खू ने कहा कि, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और इंदिरा गांधी ने देश के लिए बलिदान दिया है. कांग्रेस पार्टी के दो प्रधानमंत्री ने देश के लिए कुर्बानी दी है. इस दौरान मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने देश में युवाओं को वोट देने का अधिकार दिया साथ ही उन्होंने पंचायती राज संस्थाओं में भी महिलाओं को आरक्षण का अधिकार दिया.
ये भी पढ़ें: 'पेट्रोल भले न मिले, मेलोडी के गीत गुनगुनाओ', मोदी-मेलोनी के वीडियो पर विक्रमादित्य सिंह का तंज
ये भी पढ़ें: 'डेथ तो होनी ही है...', महिला मरीज की मौत पर ये क्या बोल गए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल

