हिमाचल में मेडिकल कॉलेज के लिए सीनियर रेजिडेंट शिप पॉलिसी बनाने की तैयारी में सुक्खू सरकार
हिमाचल प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में एमडी-एमएस के नए विषय भी शुरू होने वाले हैं. हमीरपुर जिले से पायलट प्रोजेक्ट की शुरुआत.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : January 7, 2026 at 2:35 PM IST
शिमला: हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार (7 जनवरी) को स्वास्थ्य शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग की उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि, प्रदेश सरकार द्वारा राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों के लिए सीनियर रेजिडेंट शिप पॉलिसी बनाई जाएगी. इस पॉलिसी के तहत सीनियर रेजिडेंट के पदों का रेशनलाइजेशन किया जाएगा.
हिमाचल में मेडिकल कॉलेज में सीनियर रेजिडेंट शिप पॉलिसी
सीएम सुक्खू ने कहा कि, "सीनियर रेजिडेंट शिप में जीडीओ का कोटा 66 फीसदी किया जाएगा. अभी इसका अनुपात जीडीओ व सीधी भर्ती द्वारा 50-50% है. मेडिकल कॉलेज चंबा, नाहन, हमीरपुर और नेरचौक में नए विषयों में एमडी और एमएस करवाई जाएगी. इससे स्वास्थ्य क्षेत्र में आधारभूत संरचना और सुदृढ़ होगी."
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि, जो डीएम और एमसीएच सुपर स्पेशलिस्ट फील्ड में हैं उन्हें चिकित्सा महाविद्यालय में नियुक्ति प्रदान की जाएगी. सभी मेडिकल कॉलेजों में उच्च तकनीक युक्त स्टेट-ऑफ-द-आर्ट आईसीयू स्थापित किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि, स्वास्थ्य विभाग में 1000 रोगी मित्र नियुक्त किए जाएंगे, जिसमें से 500 चिकित्सा महाविद्यालयों और 500 अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में तैनात किए जाएंगे.
हमीरपुर जिले से पायलट प्रोजेक्ट की शुरुआत
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि, इसके लिए प्रथम चरण में पायलट प्रोजेक्ट हमीरपुर जिला से शुरू किया जाएगा. रोगी मित्र की कार्यप्रणाली के लिए विभाग द्वारा मानक संचालन प्रक्रिया तैयार की गई है. पायलट प्रोजेक्ट के तहत प्रथम चरण में रोगी मित्र प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि, चमियाणा अस्पताल, मेडिकल कॉलेज टांडा और आईजीएमसी शिमला में भी पायलट आधार पर 70 वर्ष से अधिक आयु के मरीजों की मदद के लिए रोगी मित्र तैनात किए जाएंगे. इन संस्थानों में रोगी मित्र काउंटर भी स्थापित किए जाएंगे.
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि, मेडिकल कॉलेज की विभिन्न ओपीडी में मरीजों से संबंधित विभिन्न डेटा दर्ज करने के लिए डाटा एंट्री ऑपरेटर भी तैनात किए जाएंगे. सीएम ने कहा कि, प्रदेश सरकार द्वारा स्वास्थ्य शिक्षा को सशक्त करने के लिए अभिनव उपायों के साथ-साथ लॉन्ग टर्म प्लान इम्प्लीमेंट की जा रही हैं ताकि इस क्षेत्र में प्रदेश, देश का अग्रणी राज्य बने.
ये भी पढ़ें: हिमाचल में फ्लैट और प्लॉट खरीदना हुआ महंगा, सुक्खू सरकार ने बढ़ाई तीन से चार गुणा रजिस्ट्रेशन फीस
ये भी पढ़ें: हिमकेयर योजना में अब ऐसे होगा वेरिफिकेशन, सहारा योजना को लेकर सीएम ने दिए ये निर्देश

