'हिमाचल की शिक्षा नीति में होंगे बड़े बदलाव, अंग्रेजी-गणित के लिए जल्द होगी स्पेशल इंस्ट्रक्टरों की भर्ती'
हिमाचल में सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए सुक्खू सरकार करने जा रही है ये खास काम.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : January 4, 2026 at 7:11 PM IST
हमीरपुर: मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश सुखविंदर सिंह सुक्खू का नादौन पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा नीति में बहुत बड़े बदलाव करने जा रही है, ताकि सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जा सके. उन्होंने बताया कि, सीबीएसई के अधीन लाए जा रहे सरकारी स्कूलों में अंग्रेजी और गणित विषयों के लिए विशेष इंस्ट्रक्टर नियुक्त किए जाएंगे, जिनकी भर्ती प्रक्रिया जल्द ही शुरू की जाएगी.
मुख्यमंत्री रविवार को नादौन विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे पर ग्राम पंचायत अमलैहड़ स्थित अपने पैतृक गांव भवड़ां पहुंचे थे, जहां लगभग 60 लाख रुपए की लागत से निर्मित गुग्गा धाम एवं पार्क के उद्घाटन के उपरांत जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही.
हिमाचल की शिक्षा नीति में होंगे बड़े बदलाव की तैयारी
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि, "अमलैहड़ स्कूल को सीबीएसई का दर्जा प्रदान किया गया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को भी आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा. यहां राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है और अगले वर्ष से इसमें कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी. अमलैहड़ सहित प्रदेश के चार चुनिंदा स्कूलों में मल्टीपल सब्जेक्ट सिस्टम शुरू किया जाएगा, ताकि विद्यार्थी अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार विषयों का चयन कर सकें, जिससे उनके सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिलेगा."
किसानों से प्राकृतिक खेती करने की अपील
सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार इस पद्धति से उगाई गई फसलों की उचित और उच्च मूल्य पर खरीद सुनिश्चित कर रही है. उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि प्राकृतिक खेती से उत्पादित हल्दी को सरकार 90 रुपए प्रति किलो की दर से खरीद रही है और यदि किसान पांच कनाल भूमि पर हल्दी की खेती करते हैं तो वे तीन लाख रुपए तक की आय अर्जित कर सकते हैं.

बंजर भूमि के सदुपयोग के लिए सोलर प्लांट
मुख्यमंत्री ने कहा कि, सरकार बंजर भूमि के सदुपयोग के लिए सोलर प्लांट लगाने पर सब्सिडी प्रदान कर रही है, जिससे युवा स्वरोजगार से जुड़ सकें. चार कनाल भूमि पर सोलर प्लांट स्थापित कर युवा प्रतिवर्ष लगभग तीन लाख रुपए तक का शुद्ध लाभ कमा सकते हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी.
सीएम सुक्खू ने, नादौन विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि यहां विभिन्न पेयजल योजनाओं पर लगभग 100 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि, क्षेत्रवासियों को शुद्ध और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए अब ब्लीचिंग पाउडर के स्थान पर अत्याधुनिक यू.वी. तकनीक और ओजोनेशन प्रक्रिया के माध्यम से पानी की शुद्धिकरण व्यवस्था की जा रही है. इस अवसर पर स्थानीय पंचायत प्रधान सोनिया ठाकुर ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया.

श्री बैकुंठ धाम एवं पार्क का लोकार्पण
इससे पहले मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत गौना के गांव पखरोल में लगभग 25 लाख रुपए की लागत से निर्मित श्री बैकुंठ धाम एवं पार्क का लोकार्पण किया और क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं. उन्होंने नादौन शहर के इंद्रपाल चौक पर स्वतंत्रता सेनानी इंद्रपाल की प्रतिमा एवं स्मारक का भी उद्घाटन किया, जिसका जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कार्य हाल ही में नगर परिषद द्वारा पूरा किया गया है. कार्यक्रम में सुजानपुर के विधायक कैप्टन रणजीत सिंह, पूर्व विधायक कुलदीप सिंह पठानिया, विभिन्न बोर्ड और निगमों के पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे.

ये भी पढ़ें: हिमाचल में इतनों को मिली करुणामूलक आधार पर नियुक्तियां, डिप्टी CM ने बताया आंकड़ा
ये भी पढ़ें: कांग्रेस सरकार की विफलता से देवभूमि बन रही अपराध भूमि, प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद: अनुराग ठाकुर

