दिल्ली और हरियाणा पुलिस का आदमी आकर किसी को भी उठा ले, हिमाचल में ऐसा नहीं चलेगा: CM सुक्खू
CM सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि, हिमाचल की अपनी संप्रभुता, दिल्ली पुलिस को कानून के दायरे में करना चाहिए काम.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 27, 2026 at 1:37 PM IST
|Updated : February 27, 2026 at 3:02 PM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश में दिल्ली पुलिस और हिमाचल पुलिस के बीच हुए विवाद पर सियासत जारी है. इस मामले में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रतिक्रिया दी है. सीएम सुक्खू ने कहा कि, हिमाचल प्रदेश के अपनी संप्रभुता है. बाहर से आकर कोई भी पुलिस धक्का शाही कर प्रदेश से लोगों को उठाकर नहीं ले जा सकती. दिल्ली पुलिस को सुप्रीम कोर्ट की SOP फॉलो करनी चाहिए थी.
हिमाचल बनाम दिल्ली पुलिस पर CM का बड़ा बयान
मुख्यमंत्री ने कहा कि, "संविधान में सभी राज्यों को अपने अधिकार दिए गए हैं और राज्य उन्हीं अधिकारों के अनुसार कार्य काम रहे हैं. हिमाचल प्रदेश की अपनी संप्रभुता है और उसका सम्मान होना चाहिए. दिल्ली पुलिस को संबंधित थाने और राज्य पुलिस को सूचित करना चाहिए था. उच्चतम न्यायालय की SOP के अनुसार भी सूचना देना आवश्यक था."
हिमाचल से उठाकर ले जाना उचित नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि, कोई भी व्यक्ति बिना वर्दी के आकर हिमाचल से लोगों को उठाकर ले जाए ये उचित नहीं है. राज्य सरकार की ओर से दिल्ली पुलिस से ट्रांजिट रिमांड दिखाने की मांग की गई. इसके अलावा संबंधित रिसोर्ट से सीसीटीवी रिकॉर्ड भी ले लिया गया, लेकिन मालिक को इसकी जानकारी नहीं दी गई. मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की वारदात नहीं होनी चाहिए थी और पुलिस को आपसी समन्वय से काम करना चाहिए. यदि दिल्ली पुलिस हिमाचल के डीजीपी को सूचित कर देती तो इस तरह की स्थिति उत्पन्न नहीं होती.
हिमाचल विरोधी काम कर रही भाजपा:CM
इस दौरान मुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर भी तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि वह जयराम ठाकुर को लेकर कोई व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं करना चाहते, लेकिन यह समझना चाहिए कि यदि किसी अन्य राज्य की पुलिस आकर हिमाचल से लोगों को उठा ले जाए तो फिर राज्य पुलिस की क्या भूमिका रह जाती है. सीएम सुक्खू ने कहा कि प्रदेश की अपनी संप्रभुता है और उसका हनन नहीं होना चाहिए. इस मुद्दे पर भाजपा हिमाचल विरोधी रवैया अपना रही है. उन्होंने कहा कि RDG के मुद्दे पर विरोध किया, अब जब हिमाचल पुलिस अच्छा काम कर रही है तो उसका भी विरोध किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: हिमाचल vs दिल्ली पुलिस: जानिए क्या है बाहरी राज्य में आरोपी को गिरफ्तार करने का पुलिस नियम?
ये भी पढ़ें: शिमला vs दिल्ली पुलिस मामले में CM मीडिया सलाहकार ने थपथपाई सरकार की पीठ, बोले ट्रेंड कर दिया सेट

