ETV Bharat / state

अपना विद्यालय-हिमाचल स्कूल एडॉप्शन कार्यक्रम में CM सुक्खू ने सभी DC से मांगी ये रिपोर्ट

CM सुक्खू ने 80 फीसदी तक पूर्ण हुए विकास कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए.

HP CM Sukhu Apna Vidyalaya-Himachal School Adoption Program H
हिमाचल के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की बैठक (@SukhvinderSinghSukhu)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : January 4, 2026 at 2:09 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: हिमाचल के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वर्चुअल बैठक में सभी जिलों के वरिष्ठ अधिकारियों को 'अपना विद्यालय-हिमाचल स्कूल एडॉप्शन कार्यक्रम' के तहत सक्रियता से कार्य करने के निर्देश दिए हैं. सीएम ने कहा कि इस कार्यक्रम के तहत ज़िला स्तर से लेकर उप-मंडल स्तर तक के विभिन्न अधिकारी शिक्षण और अन्य गतिविधियों की गुणवत्ता में सुधार लाने के उद्देश्य से सरकारी स्कूलों को गोद लेने का प्रावधान किया गया है. उन्होंने प्रदेश में इस कार्यक्रम के तहत गोद लिए गए स्कूलों की सूची 5 जनवरी, 2026 तक सरकार के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए.

गोद लिए स्कूलों का औचक निरीक्षण करें उपायुक्त: CM

सीएम सुक्खू ने कहा कि, "हिमाचल स्कूल एडॉप्शन कार्यक्रम के तहत सभी उपायुक्त, अतिरिक्त उपायुक्त और जिला के वरिष्ठ अधिकारी कम से कम चार स्कूल गोद लेंगे. वे इन स्कूलों में प्रतिमाह छात्रों से संवाद करेंगे. उपायुक्त गोद लिए हुए स्कूलों का औचक निरीक्षण भी करेंगे. अधिकारी महीने में एक बार इन स्कूलों का दौरा कर युवाओं के साथ संवाद कर उन्हें करियर और प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं की तैयारी संबंधी जानकारी दें."

अब तक 4,231 स्कूलों को लिया गया गोद

मुख्यमंत्री ने बताया कि, उपायुक्त शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन समिति के साथ मिलकर शिक्षा और स्कूल की गुणवत्ता में सुधार के लिए कार्य करते हैं. इस कार्यक्रम के अंतर्गत अब तक 4,231 स्कूलों (1,950 प्राथमिक, 59 माध्यमिक, 664 उच्चतर और 1,558 वरिष्ठ माध्यमिक) को गोद लिया जा चुका है. प्रदेश सरकार छात्रों को गुणात्मक शिक्षा प्रदान के करने लिए वचनबद्ध है, ताकि विद्यार्थियों के भविष्य के लिए मजबूत आधार तैयार किया जा सके. इसके लिए सभी संसाधनों का विवेकपूर्ण इस्तेमाल सुनिश्चित किया जा रहा है.

सीएम ने कहा कि, इस पहल का मुख्य उद्देश्य कमजोर बच्चों का सही मार्गदर्शन करना है, ताकि वह उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकें. इस पहल के माध्यम से उपायुक्त, स्थानीय स्कूल प्रबंधन और सरकार के बीच एक सेतु का कार्य करने के साथ-साथ यह सुनिश्चित करेंगे कि शिक्षा के सुधार की दिशा में दिए जा रहे बजट का सही इस्तेमाल हो. अधिकारियों के शैक्षणिक संस्थानों के दौरे पर बल देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे विद्यार्थियों को नशे की बुराइयों से अवगत करवाया जाएगा और उनमें राष्ट्रीय मूल्यों की भावना को मजबूत किया जाएगा.

चिट्टा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश

इसके अलावा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने अधिकारियों को प्रदेश के सभी जिलों में चिट्टा तस्करों से संबंधित अवैध संपत्ति की विस्तृत प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने चिट्टा तस्करों के खिलाफ सख़्त से सख़्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि चिट्टा तस्करों की अवैध सम्पत्ति को जब्त किया जाएगा और अवैध निर्माण को भी ध्वस्त किया जाएगा. उन्होंने चिट्टा कारोबार से जुड़े सरकारी कर्मचारियों के खि़लाफ भी समयबद्ध रूप से सख़्त कार्रवाई करने को कहा.

विकास कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश

इसके साथ ही सीएम सुक्खू ने सभी विभागों के सचिवों को उन सभी निर्माण कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं, जिनका निर्माण लगभग 80 फीसदी पूर्ण हो चुका है. उन्होंने आश्वासन दिया कि इसके लिए समुचित धनराशि का प्रावधान किया जाएगा. इसके अलावा मुख्यमंत्री ने विकासात्मक कार्यों को गति प्रदान करने के लिए वन-भूमि से संबंधित स्वीकृति प्रक्रिया को विशेष अधिमान देने के निर्देश दिए. सीएम ने उपायुक्तों से गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले परिवारों के चयन से संबंधित डिटेल्स लिया और इस संबंध में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए.

ये भी पढ़ें: धर्मशाला छात्रा मौत मामला: ऐसी घटनाओं का सामने आना शर्मनाक, निष्पक्ष जांच करे सरकार- जयराम ठाकुर

ये भी पढ़ें: 2000 करोड़ की कमाई का सवाल, CM सुक्खू बोले- लैंड रेवेन्यू वसूलना हिमाचल का अधिकार, राहत के भी दिए संकेत