दल बदल से चुनाव जीत कर लोकतंत्र समाप्त करना चाहती है भाजपा?: जगत सिंह नेगी
राज्यसभा चुनाव के ऐलान के बाद जगत सिंह नेगी ने कहा कि, भाजपा धनबल पर चुनाव जीतती रही तो चुनाव के क्या मायने रह जाएंगे.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 18, 2026 at 3:22 PM IST
|Updated : February 18, 2026 at 10:48 PM IST
शिमला: देश के 10 राज्यों में राज्यसभा की 37 सीटों पर चुनाव की तारीख तय कर दी है. भारत निर्वाचन आयोग ने इसको लेकर अधिसूचना जारी कर दी है. हिमाचल प्रदेश में भी एक राज्यसभा सीट पर राज्यसभा का चुनाव होना है. इसको लेकर अब हिमाचल सरकार में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. जगत सिंह नेगी ने कहा कि, संख्या बल उनके साथ है और चुनाव का परिणाम उनके पक्ष में होगा. साथ ही इस दौरान जगत सिंह नेगी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने पिछले चुनाव में दल बदल कर लोकतंत्र की हत्या की.
क्या दोबारा धनबल से चुनाव जीतकर लोकतंत्र समाप्त करना चाहती है भाजपा ?
हिमाचल प्रदेश के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि, "हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के पास संख्या बल है ऐसे में भाजपा किस आधार पर अपने प्रत्याशी को आगे ले जाने की बात सोच रही है. पिछले चुनाव में भाजपा ने दल बदल करके लोकतंत्र की हत्या की. अब भाजपा क्या इस बार दोबारा दल बदल और धनबल से चुनाव जीतकर लोकतंत्र को समाप्त कर देना चाहती है. भाजपा धनबल पर अगर चुनाव जीतती रही तो चुनाव के क्या मायने रह जाएंगे. जगत सिंह नेगी ने कहा कि लोकतंत्र में यह सही नहीं है."
2024 चुनाव में क्रॉस वोटिंग से कांग्रेस को मिली हार
जगत सिंह नेगी ने कहा कि, इससे पहले साल 2024 के राज्यसभा चुनाव में राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस बहुमत होने के बाद चुनाव हार गई थी. भाजपा ने क्रॉस वोटिंग के चलते कांग्रेस से राज्यसभा सीट छीन ली थी. चुनाव में पूर्व में कांग्रेस नेता रहे और भाजपा प्रत्याशी हर्ष महाजन को जीत हासिल हुई थी. लक्की ड्रॉ से कांग्रेस प्रत्याशी अभिषेक मनु सिंघवी को हर का सामना करना पड़ा था. मौजूदा वक्त में हिमाचल प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस के पास 40 विधायक हैं, जबकि विपक्षी दल भाजपा के पास विधायकों की संख्या 28 है.
16 मार्च को चुनाव
हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा की कुल 3 सीटें हैं. इसमें से एक सीट रिक्त होने वाली है, जिस पर चुनाव होना है. वर्तमान में हिमाचल प्रदेश से तीनों राज्यसभा सांसद भाजपा से हैं. हर्ष महाजन, सिकंदर कुमार और इंदु गोस्वामी भाजपा से राज्यसभा सांसद हैं. सांसद इंदु गोस्वामी का कार्यकाल 9 अप्रैल 2026 को समाप्त हो रहा है. ऐसे में इस सीट पर 16 मार्च को चुनाव होगा.
ये भी पढ़ें: ये विधायक होगा नया कैबिनेट मंत्री? जयराम के तंज पर सीएम सुक्खू ने दिया इशारा
ये भी पढ़ें: "एक्सीडेंटल CM" टिप्पणी पर भड़के जयराम ठाकुर, इस विधायक से हुई तीखी नोकझोंक, सदन में बोले- "नंगा कर दूंगा"

