'बोर्ड परीक्षाओं में CCTV से निगरानी, नकल पर होगी सख्त कार्रवाई'
यदि कोई विद्यार्थी या कर्मचारी परीक्षा नियमों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 26, 2026 at 1:12 PM IST
मंडी: हिमाचल प्रदेश में 3 मार्च 2026 से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षाएं इस बार "Zero टॉलरेंस" नीति के तहत आयोजित की जाएंगी. शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की अनियमितता और नकल को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. शिक्षा बोर्ड को सख्त निर्देश जारी कर दिए गए हैं ताकि परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता और अनुशासन के साथ संपन्न हों.
कड़ी निगरानी में होगी परीक्षाएं
शिक्षा मंत्री ने मंडी जिले के रिवालसर में मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि परीक्षा केंद्रों में विशेष रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. इसके अलावा उड़नदस्तों की तैनाती भी की जाएगी. बोर्ड ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और केंद्र अधीक्षकों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी.
अनियमितता पर सख्त कार्रवाई
रोहित ठाकुर ने कहा कि यदि कोई विद्यार्थी या कर्मचारी परीक्षा नियमों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने दोहराया कि शिक्षा व्यवस्था की साख बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है और "Zero टॉलरेंस" नीति इसी दिशा में बड़ा कदम है.
रिवालसर में त्सेचू मेले का शुभारंभ
अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान शिक्षा मंत्री ने रिवालसर के त्रिवेणी संगम में आयोजित राज्य स्तरीय छेश्यू मेले का शुभारंभ भी किया. यह मेला 25 से 27 फरवरी तक मनाया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में बौद्ध अनुयायी भाग लेते हैं. यह आयोजन गुरु पद्म संभव के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है. वहीं, वल्लभ कॉलेज मंडी में बीएड कोर्स की मान्यता रद्द होने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है. विभागीय अधिकारियों से फीडबैक लेकर सरकार अदालत में अपना पक्ष रखेगी.
ये भी पढ़ें: दिल्ली पुलिस घटनाक्रम पर शिमला पुलिस ने क्या कहा? जानें किस पर हुई FIR

