ETV Bharat / state

पंचायत चुनाव में सफलता के बाद बीजेपी में भरा जोश, 2027 की तैयारी शुरू, जानें क्या है प्लानिंग

भाजपा ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ प्रदेशव्यापी जनआंदोलन छेड़ने का फैसला लिया है. बीजेपी सरकार की विफलताओं की चार्जशीट तैयार कर जनता के बीच लाएगी.

कांग्रेस सरकार के खिलाफ अभियान चलाएगी बीजेपी
कांग्रेस सरकार के खिलाफ अभियान चलाएगी बीजेपी (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : July 7, 2026 at 6:07 PM IST

|

Updated : July 7, 2026 at 7:36 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: बीजेपी ने मिशन 2027 की तैयारी शुरू कर दी है. भाजपा प्रदेश कोर ग्रुप की बैठक मंगलवार को प्रदेश मुख्यालय दीपकमल, चक्कर में आयोजित हुई. बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए. बीजेपी ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ प्रदेशव्यापी जनआंदोलन चलाने का फैसला किया है. इसके लिए सरकार के साढ़े तीन वर्षों के कार्यकाल की विस्तृत चार्जशीट तैयार की जाएगी और उसे जनता के बीच ले जाया जाएगा.

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. बिंदल ने कहा कि बीजेपी सबसे पहले हिमाचल प्रदेश की जनता और मतदाताओं का आभार व्यक्त करती है, जिन्होंने पंचायती राज संस्थाओं और नगर निगम चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को व्यापक समर्थन एवं आशीर्वाद दिया. इन चुनाव परिणामों ने साफ संदेश दिया है कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार के साढ़े तीन वर्षों के कार्यकाल से पूरी तरह निराश है और उसने जनविरोधी, प्रदेश विरोधी नीतियों के खिलाफ अपना जनादेश दिया है.

कांग्रेस सरकार के खिलाफ अभियान चलाएगी बीजेपी (ETV Bharat)

'कांग्रेस की स्थिति अत्यंत कमजोर'

डॉ. बिंदल ने कहा कि 'मुख्यमंत्री के गृह जिले हमीरपुर में भी कांग्रेस की स्थिति अत्यंत कमजोर रही और वहां भी भाजपा समर्थित प्रतिनिधियों को स्पष्ट समर्थन प्राप्त हुआ. चार नगर निगमों में से तीन में भाजपा ने मेयर और डिप्टी मेयर के पद जीतकर यह सिद्ध कर दिया कि जनता का विश्वास भारतीय जनता पार्टी के साथ है. ये परिणाम केवल चुनावी जीत नहीं, बल्कि कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनता का स्पष्ट जनमत और जनादेश है.'

कांग्रेस के खिलाफ चलाया जाएगा व्यापक अभियान

उन्होंने बताया कि भाजपा कोर ग्रुप ने निर्णय लिया है कि कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों, अधूरी गारंटियों और प्रशासनिक विफलताओं के खिलाफ प्रदेशव्यापी जनआंदोलन चलाया जाएगा. इसके लिए सरकार के साढ़े तीन वर्षों के कार्यकाल की विस्तृत चार्जशीट तैयार की जाएगी और उसे जनता के बीच ले जाया जाएगा. कांग्रेस ने चुनावों से पहले महिलाओं, युवाओं, कर्मचारियों, किसानों और बागवानों से अनेक वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद अधिकांश गारंटियां अधूरी रह गईं. गरीबों का राशन महंगा किया गया, विकास कार्य ठप पड़े हैं, प्रदेश में कानून व्यवस्था कमजोर हुई है, भ्रष्टाचार बढ़ा है और विभिन्न प्रकार के माफिया सक्रिय हुए हैं. भाजपा इन सभी मुद्दों को लेकर गांव-गांव और शहर-शहर जनता के बीच जाएगी तथा कांग्रेस सरकार की वास्तविकता को उजागर करेगी.

मुख्यमंत्री द्वारा वर्ष 2027 में कांग्रेस की पुनः सरकार बनने के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि जिन मतदाताओं ने हाल ही में पंचायती राज और नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस को नकारा है, वही मतदाता विधानसभा चुनाव में भी अपना निर्णय देंगे. कांग्रेस की तथाकथित गारंटियां केवल चुनावी नारे बनकर रह गईं. न महिलाओं को आर्थिक लाभ मिला, न मुफ्त बिजली के वादे पूरे हुए, न दूध और गोबर खरीद की घोषणाएं धरातल पर उतरीं. इसके विपरीत जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ा और विकास कार्य प्रभावित हुए. उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस की कथनी और करनी का अंतर समझ चुकी है.

ये भी पढ़ें: कांग्रेस के गढ़ में भाजपा की बड़ी सेंध, सिर्फ 1 वोट से पलटी बाजी, अध्यक्ष-उपाध्यक्ष दोनों पदों पर कब्जा

Last Updated : July 7, 2026 at 7:36 PM IST