हिमाचल सदन का दुरुपयोग बेहद गंभीर, 'घर का भेदी लंका ढाए' जैसी मानसिकता उजागर: राजीव बिंदल
हिमाचल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि, एआई समिट में भोंडा प्रदर्शन राष्ट्र के खिलाफ षड्यंत्र है, देश किसी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगा.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 24, 2026 at 7:18 PM IST
सिरमौर: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने अंतरराष्ट्रीय एआई समिट के दौरान कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस द्वारा किए गए अर्धनग्न प्रदर्शन की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि, यह केवल राजनीतिक विरोध नहीं, बल्कि राष्ट्र की छवि को धूमिल करने का एक सुनियोजित षड्यंत्र है. उन्होंने कहा कि पूरा देश इस प्रकार की हरकत को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगा.
हिमाचल सदन का दुरुपयोग बेहद गंभीर: राजीव बिंदल
नाहन में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राजीव बिंदल ने कहा कि, "कांग्रेस पार्टी अपनी राजनीति चमकाने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है. दुनिया के प्रमुख राजनयिकों और प्रतिनिधियों की मौजूदगी में इस प्रकार का प्रदर्शन कांग्रेस की राष्ट्रविरोधी मानसिकता को उजागर करता है. हिमाचल प्रदेश कांग्रेस और मुख्यमंत्री कार्यालय का नाम भी इस मामले में सामने आया है, क्योंकि जिन लोगों पर कार्रवाई हो रही है, वे हिमाचल सदन में ठहरे थे और वहां बुकिंग हुई थी. पुलिस की कार्रवाई के बाद यह प्रश्न उठता है कि इस प्रकरण में हिमाचल की भूमिका कहां तक जुड़ी है."
'घर का भेदी लंका ढाए'
उन्होंने कहा कि, हिमाचल प्रदेश अपनी देशभक्ति और राष्ट्रनिष्ठा के लिए जाना जाता है, और यदि हिमाचल सदन जैसी संस्था का उपयोग इस प्रकार के कृत्य के लिए हुआ है तो यह अत्यंत चिंताजनक और गंभीर विषय है. यह स्थिति 'घर का भेदी लंका ढाए' जैसी प्रतीत होती है, जहां अपने ही लोग देश की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं.
'कांग्रेस की मानसिकता से जनता भली-भांति परिचित'
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि, जब देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं, तब कांग्रेस पार्टी हर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत को बदनाम करने का अवसर खोजती है. सर्जिकल स्ट्राइक और अन्य सैन्य अभियानों के दौरान भी कांग्रेस नेताओं ने देश की सेनाओं और राष्ट्रीय सुरक्षा पर सवाल उठाए थे. अब एआई समिट जैसे वैश्विक मंच पर इस प्रकार का प्रदर्शन उसी सोच का विस्तार है. सेना, सुरक्षा और राष्ट्र की गरिमा पर सवाल उठाना और दुनिया के सामने देश की छवि को धूमिल करना किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है. प्रदेश और देश की जनता कांग्रेस की इस मानसिकता को भली-भांति समझ चुकी है और लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी.
ये भी पढ़ें: राष्ट्र विरोधी ताकतों के प्रवक्ता बन गए हैं राहुल गांधी, देश से मांगें माफी: अनुराग ठाकुर
ये भी पढ़ें: 'रा से..., हु से हुड़दंग, ल से...', अनुराग ठाकुर ने बताई 'राहुल' की फुल फॉर्म

