विपक्ष ने पूछा हिमाचल में कितने रजिस्टर्ड व अन-रजिस्टर्ड बेरोजगार, सरकार बोली, इकट्ठी की जा रही सूचना
करसोग से भाजपा विधायक दीप राज जानना चाहते थे कि हिमाचल में पंजीकृत व अपंजीकृत बेरोजगार युवाओं की संख्या कितनी है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : August 22, 2026 at 2:56 PM IST
शिमला: छोटे पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में बेरोजगारी एक बड़ा मुद्दा है. हिमाचल विधानसभा के मानसून सेशन के दूसरे दिन पूछे जाने वाले सवालों में एक प्रश्न रजिस्टर्ड व अन-रजिस्टर्ड युवाओं के बारे में था. सवाल विपक्ष के विधायक दीपराज ने किया था. ये अतारांकित सवाल था और स्थगित सवालों की लिस्ट में प्रश्न संख्या नंबर 1351 के रूप में था. करसोग से भाजपा विधायक दीप राज जानना चाहते थे कि हिमाचल में पंजीकृत व अपंजीकृत बेरोजगार युवाओं की संख्या कितनी है. भाजपा विधायक ने ये भी जानना चाहा था कि तीन साल में राज्य सरकार ने सरकारी व प्राइवेट सेक्टर में कितने नए रोजगार सृजित किए.
जवाब उद्योग मंत्री की तरफ से दिया जाना था. सरकारी जवाब में उद्योग मंत्री की तरफ से लिखित रूप में बताया गया- सूचना एकत्रित की जा रही है. इस जवाब का अर्थ ये हुआ कि अभी सरकार के पास ऐसे युवाओं की संख्या की सूचना नहीं है और इस सूचना को एकत्रित किया जा रहा है. उल्लेखनीय है कि विधानसभा के सेशन में ऐसे सवाल आते रहते हैं, जिनमें सरकार की तरफ से महज एक पंक्ति कि सूचना एकत्रित की जा रही है, के रूप में जवाब आता है.
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सेशन का आज दूसरा दिन है. पहले दिन की कार्यवाही हंगामे की भेंट चढ़ गई और शुरुआती 12 मिनट में ही सदन को स्थगित कर दिया गया. शनिवार को सदन की कार्यवाही हालांकि हंगामे से खाली नहीं है, लेकिन कुछ बिजनेस जरूर हुआ है. सदन में राष्ट्रगान व राष्ट्रीय गीत को लेकर तकरार जारी है. ऐसे में प्रश्नकाल प्रभावित हो रहा है। शनिवार को विधानसभा में बेसहारा गोवंश, खाली पदों की संख्या सहित विधायकों के अपने निर्वाचन क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं वाले सवाल आए हैं. वहीं, दूसरे दिन भी हंगामे के कारण दोपहर बाद स्पीकर कुलदीप पठानिया ने सदन की कार्यवाही सोमवार 24 अगस्त दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी.

