ETV Bharat / state

IIT मंडी में AI और डेटा साइंस में होगी MBA, ऐसे करें आवेदन

आईआईटी मंडी में एआई और डेटा साइंस के जरिए उद्योग-केंद्रित सिलेबस से विद्यार्थियों को करियर के नए आयाम मिलेंगे.

IIT Mandi MBA in AI
आईआईटी मंडी (IIT Media Team)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : December 25, 2025 at 1:12 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

मंडी: आईआईटी मंडी ने अपने स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के जरिए 2026-28 बैच के लिए डेटा साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में एमबीए कार्यक्रम के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. ये आईआईटी मंडी का पांचवां बैच होगा, जिसे AI पावर्ड मैनेजमेंट एजुकेशन को मध्यनजर रख डिजाइन किया गया है. इसके लिए इच्छुक उम्मीदवार 24 दिसंबर 2025 से 27 जनवरी 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. ये जानकारी आईआईटी मंडी प्रबंधन की ओर से दी गई है.

इस कोर्स की क्या खासियत है ?

आईआईटी मंडी प्रबंधन के अनुसार ये MBA कार्यक्रम आधुनिक व्यवसाय (Modern business) की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया गया है. जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मशीन लर्निंग, डेटा साइंस और डिजिटल रणनीति को प्रबंधन के मूल सिद्धांतों के साथ जोड़ा गया है. सिलेबस के तहत विद्यार्थियों को लाइव इंडस्ट्री प्रोजेक्ट, एआई संचालित बिजनेस केस चैलेंज, इंटर्नशिप, हैकथॉन और इंडस्ट्री बेस्ड इमर्शन के बारे में सिखने का मौका मिलेगा. जिससे उन्हें रियल ट्रेडर्स माहौल का अनुभव मिलेगा.

दो श्रेणियों में मिलेगा प्रवेश

आईआईटी मंडी में एमबीए कोर्स में दो श्रेणियों के तहत प्रवेश किया जाएगा.

  1. CAT आधारित: वे अभ्यर्थी जिन्होंने कैट 2025 का एग्जाम दिया है, अपने स्कोर के आधार पर आवेदन कर सकते हैं.
  2. CAT मुक्त: केंद्रीय वित्त पोषित तकनीकी संस्थानों या NIRF 2025 रैंकिंग में कुल या इंजीनियरिंग श्रेणी के शीर्ष 100 संस्थानों से ग्रेजुएट या पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री धारक उम्मीदवार, निर्धारित न्यूनतम CGPA के साथ आवेदन के पात्र होंगे.

नई स्पेशलाइजेशन और मजबूत प्लेसमेंट

स्कूल ऑफ मैनेजमेंट ने हाल ही में कई नए सेलेक्टिव क्लस्टर शुरू किए हैं. जिनमें ये हैं शामिल-

  • जनरेटिव एआई फॉर मैनेजर्स (Generative AI for Managers)
  • एआई-संचालित वित्तीय निर्णय निर्माण (AI-powered financial decision making)
  • एआई फॉर मार्केटिंग (AI for Marketing)

ये क्लस्टर उद्योग के साथ मिलकर लाइव प्रोजेक्ट और रणनीतिक असाइनमेंट के जरिए व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करते हैं. ये कार्यक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप बहु-विषयक (Multidisciplinary) और अनुभवात्मक शिक्षा पर विशेष जोर देता है. पिछले बैच के प्लेसमेंट रिजल्ट भी इस कार्यक्रम की सफलता को दर्शाते हैं. जिसमें औसत पैकेज 18 लाख रुपए रहा. जबकि उच्चतम सीटीसी 39 लाख रुपए तक पहुंचा है. एनालिटिक्स, कंसल्टिंग, बैंकिंग-फाइनेंस-बीमा, टेक्नोलॉजी सर्विसेज और एआई-संचालित व्यावसायिक क्षेत्रों की अग्रणी कंपनियों ने छात्रों को अवसर प्रदान किए.

ऐसे करें आवेदन

उम्मीदवारों को आईआईटी मंडी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध ऑनलाइन आवेदन फॉर्म के जरिए आवेदन करना होगा. प्रारंभिक स्क्रीनिंग के बाद चयनित अभ्यर्थियों को व्यक्तिगत साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा. आईआईटी मंडी का यह एमबीए कार्यक्रम उन युवाओं के लिए सुनहरा अवसर है, जो एआई और डेटा-संचालित प्रबंधन के क्षेत्र में करियर बनाकर भविष्य की कंपनियों के अनुरूप खुद को तैयार करना चाहते हैं.

ये भी पढ़ें: हिमाचल की बेटी नेहा पटियाल को UPSC CMS में मिली सफलता, सीएम सुक्खू ने दी बधाई